Asha Bhosle's demise is a personal loss for me: Maharashtra Minister Ashish Shelar
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि हाल में उनकी मुलाकात दिग्गज गायिका आशा भोसले के आवास पर उनसे हुई थी जहां उन्होंने एक मराठी गीत सुनाया था।
शेलार ने कहा कि आशा भोसले का निधन उनके लिए एक गहरी व्यक्तिगत क्षति है।
सात दशकों से अधिक समय तक अपनी शोख, चुलबुली तो कभी संजीदा आवाज के दम पर बॉलीवुड पर राज करने वाली 92 वर्षीय गायिका का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया।
शेलार ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट और भोसले का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन्होंने ‘‘एक अमूल्य संपदा खो दी है।’’
उन्होंने कहा कि जीवन में हर कठिनाई को गरिमा के साथ पार करने की आशा भोसले की क्षमता उन्हें प्रेरणादायी बनाती है, साथ ही उन्होंने भोसले द्वारा गाए गए ‘भाऊबीज’ गीत ‘‘सोनियाच्या ताति उजाल्या ज्योति’’ को भी याद किया।
आशीष शेलार ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात भोसले से उनके घर पर हुई थी, जहां उन्होंने (भोसले ने) उनके लिए एक मराठी गीत भी गाया था।
उन्होंने कहा कि आशा भोसले ने उन्हें एक भाई की तरह असीम स्नेह दिया। शेलार ने पोस्ट में लिखा, ‘‘आज मैंने अपनी प्यारी बहन को खो दिया है। देवी सरस्वती की वीणा की गूंज शांत हो गई है। यह क्षति शब्दों से परे है... मेरे जीवन का अनमोल खजाना खो गया है।’’