अमिताभ बच्चन ने रिटायरमेंट की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 16-09-2026
Amitabh Bachchan breaks silence on retirement rumors.
Amitabh Bachchan breaks silence on retirement rumors.

 

दुबई:

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने रिटायरमेंट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। 83 वर्षीय अभिनेता ने स्पष्ट किया है कि उनके हालिया बयान का मतलब अभिनय या टेलीविजन से संन्यास लेना नहीं था, बल्कि देर रात सोने जाने से था।

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में उस बयान का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्होंने कहा था, “It’s late, time to retire...” जिसका सामान्य अर्थ देर हो जाने पर बिस्तर पर जाने से था। उन्होंने इसके बाद मीडिया की रिपोर्टिंग पर अपने खास अंदाज में टिप्पणी भी की।

अमिताभ बच्चन ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जी नहीं हुजूर, मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं। अंग्रेजी में इसका मतलब होता है कि मैं अब सोने जा रहा हूं। और वहां मान्यवर, आपको आने का निमंत्रण नहीं है।”

दरअसल, अमिताभ बच्चन के इस बयान के बाद ऐसी खबरें सामने आने लगी थीं कि वह अभिनय और टेलीविजन की दुनिया से विदाई लेने की तैयारी कर रहे हैं। उनके स्पष्टीकरण के बाद इन अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

अमिताभ बच्चन इन दिनों लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के 18वें सीजन की मेजबानी कर रहे हैं। यह शो वर्ष 2000 में शुरू हुआ था और अमिताभ बच्चन लंबे समय से इसके प्रमुख चेहरों में शामिल हैं।

उनके रिटायरमेंट को लेकर चर्चा ऐसे समय में हुई जब KBC 18 के एक आगामी एपिसोड में एक प्रतियोगी उनसे उनकी पत्नी और अभिनेत्री एवं राज्यसभा सांसद जया बच्चन को लेकर सवाल करता नजर आएगा। प्रतियोगी अमिताभ से पूछता है कि क्या उन्होंने कभी जया बच्चन के किसी कार्यक्रम के लिए तैयार होने का इंतजार किया है।