मुंबई
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने अपनी बहन नीलम देवगन के जन्मदिन पर एक बेहद खास और भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। अजय ने सोशल मीडिया पर एक पुरानी और दुर्लभ तस्वीर पोस्ट करते हुए भाई-बहन के मजबूत रिश्ते को दर्शाया। उनकी इस पोस्ट को प्रशंसकों ने खूब पसंद किया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
अजय देवगन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पुरानी तस्वीर साझा की, जो किसी पारिवारिक समारोह की प्रतीत होती है। तस्वीर में युवा अजय अपनी बहन नीलम देवगन के साथ नजर आ रहे हैं। नीलम पारंपरिक परिधान में सजी हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि अजय उन्हें किसी बात पर मार्गदर्शन देते हुए नजर आ रहे हैं।
इस तस्वीर के साथ अजय ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “कुछ रिश्ते कभी नहीं बदलते और जाहिर है कि कुछ तस्वीरें भी नहीं बदलतीं। जन्मदिन मुबारक हो @neelamdevgan_।” अजय की इस पोस्ट ने उनके और उनकी बहन के बीच के स्नेहपूर्ण रिश्ते की झलक पेश की।
नीलम देवगन ने भी अपने भाई की पोस्ट को इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया और जवाब में लिखा, “बिल्कुल सही, धन्यवाद।” इस संक्षिप्त लेकिन भावनात्मक प्रतिक्रिया ने भाई-बहन के मजबूत संबंध को और भी खास बना दिया।
नीलम देवगन के बेटे और हाल ही में फिल्म ‘आज़ाद’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले आमन देवगन ने भी अपनी मां को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। आमन ने बचपन की एक प्यारी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “हैप्पी बर्थडे मम्मा, लव यू द मोस्ट।” इस पोस्ट पर भी प्रशंसकों ने जमकर प्यार बरसाया।
वहीं, अगर अजय देवगन के पेशेवर जीवन की बात करें तो उनके पास कई बड़ी फिल्में पाइपलाइन में हैं। अभिनेता जल्द ही बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, संजय मिश्रा, जावेद जाफरी, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन जैसे कलाकार दिखाई देंगे।
निर्देशक इंद्र कुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का निर्माण अजय देवगन, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अशोक ठकेरिया, आनंद पंडित और कुमार मंगत पाठक कर रहे हैं। इसके अलावा अजय देवगन लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ में भी नजर आएंगे। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है।
इसी बीच अजय देवगन की सुपरहिट सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है। फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कई महीनों की मेहनत, चुनौतियों और समर्पण के बाद फिल्म की शूटिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।
‘दृश्यम 3’ में एक बार फिर अजय देवगन, तब्बू और श्रिया सरन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता पहले से ही काफी बढ़ चुकी है और इसे वर्ष की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है।