मुंबई
बॉलीवुड के चर्चित कपल ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन ने अपनी शादी के 19 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके को ऐश्वर्या ने बेहद खूबसूरत अंदाज में मनाया और सोशल मीडिया पर एक प्यारा फैमिली पोस्ट शेयर कर फैंस को अपने निजी जीवन की झलक दी।
ऐश्वर्या ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अभिषेक बच्चन और बेटी आराध्या बच्चन के साथ कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में तीनों एक साथ खुशहाल और स्नेह भरे पलों को साझा करते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में परिवार को खूबसूरत फूलों के गुलदस्ते के साथ पोज देते देखा जा सकता है, जबकि दूसरी फोटो में तीनों कैमरे की ओर मुस्कुराते हुए नजर आए।
इस खास मौके पर ऐश्वर्या का लुक बेहद आकर्षक और क्लासिक था। उन्होंने सफेद रंग का परिधान पहना हुआ था, जिसके साथ उनका सिग्नेचर रेड लिपस्टिक और खुले बाल उनकी खूबसूरती को और निखार रहे थे। वहीं अभिषेक बच्चन नीले रंग के एथनिक आउटफिट में काफी स्टाइलिश नजर आए।
पोस्ट शेयर होते ही फैंस और बॉलीवुड के कई सितारों ने कमेंट सेक्शन में इस जोड़ी को शादी की सालगिरह की ढेरों शुभकामनाएं दीं। लोगों ने इस कपल की केमिस्ट्री और उनके रिश्ते की मजबूती की खूब तारीफ की।
गौरतलब है कि ऐश्वर्या और अभिषेक ने साल 2007 में एक निजी समारोह में शादी की थी, जिसमें केवल करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए थे। शादी के कुछ साल बाद, 16 नवंबर 2011 को उनकी बेटी आराध्या का जन्म हुआ, जिसके बाद यह परिवार और भी खास बन गया।
इस जोड़ी ने न सिर्फ निजी जीवन में बल्कि बड़े पर्दे पर भी साथ काम कर दर्शकों का दिल जीता है। दोनों ने ‘कुछ ना कहो’, ‘धूम 2’, ‘गुरु’, ‘उमराव जान’, ‘सरकार राज’ और ‘रावण’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया।
हाल ही में यह कपल एक पारिवारिक समारोह में भी साथ नजर आया था, जहां उनकी शानदार मौजूदगी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।19 सालों का यह सफर इस बात का प्रतीक है कि ऐश्वर्या और अभिषेक का रिश्ता समय के साथ और भी मजबूत हुआ है। उनका यह खास जश्न फैंस के लिए भी प्रेरणादायक बन गया है।