NEET fee refund: 13 lakh candidates updated bank details, deadline extended till June 22
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 का परीक्षा शुल्क वापस करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अद्यतन करने की समयसीमा 22 जून तक बढ़ा दी है।
प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के कारण यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी और इसे अब नये सिरे से आयोजित कराया जाएगा।
एनटीए ने नीट यूजी 2026 की पुर्नपरीक्षा 21 जून को कराए जाने की घोषणा के दौरान कहा था इस पुनर्परीक्षा के लिए कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एजेंसी ने यह भी कहा था कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही परीक्षा शुल्क का भुगतान कर दिया है, उन्हें यह राशि वापस कर दी जाएगी।
शुल्क वापसी के संबंध में 12 और 22 मई को जारी सार्वजनिक सूचनाओं के क्रम में एजेंसी ने 22 मई से 26 मई (रात 11:50 बजे तक) तक बैंक खाता संबंधी विवरण उपलब्ध कराने के लिए ‘नीट (यूजी) 2026 पंजीकरण’ पोर्टल पर सुविधा प्रदान की थी।
इसे लेकर एनटीए ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक सूचना साझा की थी, जिसमें उसने कहा था कि अब तक लगभग 13 लाख अभ्यर्थियों ने अपने बैंक खाते की जानकारी अद्यतन कर दी है। उसने कहा कि यह समयसीमा उन अभ्यर्थियों की मदद के लिए बढ़ाई गई है, जिन्होंने अभी तक अपनी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है।
एनटीए द्वारा कराई गई परीक्षा में करीब 23 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था।
उसने कहा, ‘‘एक बार बैंक खाते का विवरण उपलब्ध कराए जाने के बाद उसे अंतिम माना जाएगा और उसके बाद किसी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा।’’
बैंक खाता विवरण जमा करने की सुविधा 22 जून (रात 11:50 बजे तक) तक उपलब्ध रहेगी।