टीसीपीएल को वित्त वर्ष 2026-27 में दोहरे अंक में राजस्व वृद्धि की उम्मीद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-08-2026
TCPL expects double-digit revenue growth in FY 2026-27
TCPL expects double-digit revenue growth in FY 2026-27

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) को वित्त वर्ष 2026-27 में दोहरे अंक की राजस्व वृद्धि बनाए रखने की उम्मीद है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनील डिसूजा ने कहा कि इसकी वजह मजबूत उपभोक्ता मांग, मात्रा के आधार पर कारोबार में वृद्धि और तेजी से बढ़ रहे खाद्य एवं पेय कारोबार से मिलने वाली निरंतर गति होगी।
 
टाटा समूह की एफएमसीजी कंपनी ने जून तिमाही में राजस्व में 12 प्रतिशत, कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) में 19 प्रतिशत और शुद्ध लाभ में 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।
 
कंपनी ने कहा कि यदि जिंस, पैकेजिंग और ऊर्जा की लागत ऊंची बनी रहती है तो वह चुनिंदा श्रेणियों में कीमतों में 'संतुलित' बढ़ोतरी कर सकती है।
 
डिसूजा ने 'पीटीआई-भाषा' के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि खपत की मांग मजबूत बनी रहेगी। वृद्धि का बेहतर हिस्सा मात्रा पर आधारित है, जो वास्तविक उपभोक्ता मांग को दर्शाता है।’’
 
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता मांग में हाल में आई मजबूती को आयकर में राहत, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में बदलाव और सरकार के लगातार पूंजीगत व्यय जैसे उपायों से मदद मिली है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘रोजमर्रा के उपभोग के सामान क्षेत्र का पूरा रुझान काफी उत्साहजनक है कि लगभग सभी बड़ी एफएमसीजी कंपनियां अच्छी बिक्री वृद्धि दर्ज कर रही हैं और यह मात्रा पर आधारित वृद्धि है। इसका मतलब है कि खपत बढ़ रही है।"