वाहन, बैंक शेयरों की अगुवाई में शेयर बाजार में तेजी लौटी; सेंसेक्स 1,000 अंक चढ़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-11-2026
Stock market returns to rally, led by auto, banking stocks; Sensex rises 1,000 points
Stock market returns to rally, led by auto, banking stocks; Sensex rises 1,000 points

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स करीब 1,000 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,500 अंक के ऊपर बंद हुआ। वाहन और बैंक शेयरों में मजबूती, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और जिंसों की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला।
 
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत चढ़कर 83,021.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,012.06 अंक यानी 1.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,043.87 अंक तक पहुंच गया था।
 
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी भी 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत चढ़कर 25,514.30 अंक पर बंद हुआ।
 
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में मारुति सुजुकी के शेयर में सबसे अधिक 7.58 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.78 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 4.38 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 4.22 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.12 प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर 2.11 प्रतिशत चढ़े।
 
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंटरग्लोब एविएशन शामिल हैं।
 
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘एशिया के अन्य बाजारों में कमजोर संकेत और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख को लेकर चिंताओं के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों में तेजी रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार लिवाली और तांबे से लेकर कच्चे तेल तक जिंसों की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘नवंबर में विदेशी निवेशकों के रिकॉर्ड निवेश से बाजार में नकदी की उपलब्धता बढ़ी है, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भविष्य में मुद्रास्फीति और बाह्य (भुगतान) संतुलन को लेकर चिंताएं कम हुई हैं।’’