आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी की उस याचिका पर आव्रजन ब्यूरो, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) से जवाब मांगा, जिसमें किसी भी मौजूदा लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) की जानकारी देने का अनुरोध किया है।
पूर्व अभिनेत्री के वकील ने अदालत में कहा कि वर्तमान में ईडी या एसएफआईओ की ओर से उनके खिलाफ कोई समन लंबित नहीं है। उन्होंने कहा कि टीना अंबानी 10 दिसंबर को विदेश यात्रा करना चाहती हैं, इसलिए संबंधित अधिकारियों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके खिलाफ कोई लुकआउट सर्कुलर प्रभावी तो नहीं है।
न्यायमूर्ति मिनी पुष्कर्णा ने टीना अंबानी की याचिका पर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करते हुए मामले की अगली सुनवाई आठ दिसंबर के लिए निर्धारित की।
न्यायाधीश ने आदेश दिया, ‘‘प्रतिवादी अगली सुनवाई की तारीख तक अपने जवाब दाखिल करें।’’
याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत को बताया कि टीना अंबानी अपनी बहन, परिवार के सदस्यों और मित्रों से मिलने के लिए 10 दिसंबर को थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ओमान और भूटान की यात्रा करना चाहती हैं।
वकील ने कहा, ‘‘यह केवल जानकारी उपलब्ध कराने के अनुरोध वाली याचिका है। यदि कोई लुकआउट सर्कुलर है, तो वे मुझे इसकी जानकारी दे सकते हैं।’’
ईडी की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि जांच एजेंसी याचिका पर अपना जवाब दाखिल करेगी। हालांकि, उन्होंने अदालत को बताया कि टीना अंबानी को दो बार समन जारी किए गए थे, लेकिन वह एक बार भी पेश नहीं हुईं।
इस पर टीना अंबानी के वकील ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वह जांच एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हो सकीं।
वहीं एसएफआईओ के वकील ने भी अदालत से कहा कि जांच एजेंसी याचिका पर अपना जवाब दाखिल करेगी।
ईडी ने धनशोधन के एक मामले में पूछताछ के लिए इस वर्ष फरवरी में टीना अंबानी को दो समन जारी किए थे।
माना जा रहा है कि उन्हें न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक आलीशान आवासीय अपार्टमेंट की खरीद से जुड़े धन के लेन-देन की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।