रुपया लगातार चौथे सत्र में मजबूत, पांच पैसे चढ़कर 93.36 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-11-2026
Rupee strengthens for fourth straight session, rises 5 paise to 93.36 per dollar
Rupee strengthens for fourth straight session, rises 5 paise to 93.36 per dollar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 रुपया बृहस्पतिवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में मजबूत बना रहा और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 93.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार लिवाली के बीच डॉलर में नरमी और विदेशी पूंजी के प्रवाह से रुपये को समर्थन मिला।
 
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण भारतीय मुद्रा की बढ़त पर अंकुश लगा।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.40 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 93.17 के उच्चस्तर तक गया और 93.55 के निचले स्तर तक आया। अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले पांच पैसे की बढ़त के साथ 93.36 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।
 
रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे मजबूत होकर 93.41 पर बंद हुआ था। इससे पहले के दो कारोबारी सत्रों में इसमें कुल 68 पैसे की तेजी आई थी।
 
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में तेजी और विदेशी पूंजी के प्रवाह से रुपये ने सुबह की शुरुआती गिरावट की भरपाई कर ली। ऊंचे स्तर से अमेरिकी डॉलर में नरमी ने भी रुपये को समर्थन दिया। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में सुधार ने रुपये की तेज बढ़त को सीमित किया।
 
चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ताजा लिवाली से रुपये को आगे भी समर्थन मिल सकता है। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व का सख्त मौद्रिक रुख, जिसका संकेत एफओएमसी की ताजा बैठक के ब्योरे में मिला है, और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं रुपये की तेज बढ़त को सीमित कर सकती हैं।