-मंजीत ठाकुर
भारतीय सिनेमा की चर्चा अक्सर कुछ परिचित भाषाओं, बड़े सितारों और विशाल फिल्म उद्योगों के आसपास घूमती रहती है. हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कभी-कभी बंगाली सिनेमा की सफलता को हम भारतीय सिनेमा की विविधता का प्रमाण मान लेते हैं. लेकिन भारत की सिनेमाई दुनिया इससे कहीं बड़ी है. इसमें ऐसी भाषाएं, समुदाय और जीवनानुभव भी शामिल हैं, जिनकी कहानियां अब तक राष्ट्रीय पर्दे पर बहुत कम दिखाई दी हैं.
इस बार गोवा में होने वाले 57वें International Film Festival of India (IFFI) के भारतीय पैनोरमा में पूर्वोत्तर भारत की चार फिल्मों का चयन इस बात की याद दिलाता है कि भारतीय सिनेमा की असली विविधता अभी पूरी तरह सामने आनी बाकी है.
20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले IFFI में अरुणाचल प्रदेश, असम और मिजोरम की दो फीचर फिल्मों और दो डॉक्यूमेंट्री फिल्मों को जगह मिली है. इनमें सबसे उल्लेखनीय है ऊरुम (Spirit) पहली न्यीशी (न्यीशी) भाषा की फिल्म, जिसका चयन भारतीय पैनोरमा के लिए हुआ है.
असमिया फिल्म सुर्जमुखी का दृश्य
एक भाषा, एक फिल्म और एक बड़ी पहचान
दुयू ताब्यो के निर्देशन में बनी ऊरुम अरुणाचल प्रदेश के एक दूरस्थ पहाड़ी गांव की कहानी है. फिल्म का केंद्र एक पिता है, जो अपनी छोटी बेटी की मृत्यु के बाद अपराधबोध, स्मृतियों और रहस्यमय अनुभवों से जूझता है.
ऊरुम एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है, लेकिन इसके भीतर स्थानीय जीवन, आदिवासी स्मृतियों और उन सचाइयों की तलाश भी है जो अक्सर समुदायों के भीतर दबे रह जाते हैं.फिल्म का भारतीय पैनोरमा में चयन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि न्यीशी भाषा में बनी फिल्म को राष्ट्रीय मंच पर यह पहचान मिलना केवल किसी फिल्मकार की उपलब्धि नहीं है. यह उस भाषा और उसके सांस्कृतिक संसार की मुख्य धारा में उपस्थिति भी है.
किसी भाषा में फिल्म बनना और उस भाषा की कहानी का राष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचना दो अलग बातें हैं. भारत में अनेक भाषाएं ऐसी हैं जिनमें साहित्य, संगीत, लोककथाएं और जीवन की समृद्ध परंपराएं मौजूद हैं, लेकिन फिल्म निर्माण की आर्थिक और तकनीकी सुविधाएं सीमित हैं. ऐसे में फिल्म महोत्सव इन भाषाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खिड़की बन सकते हैं.
रेड कार्पेट डॉक्यूमेट्री का दृश्य
पूर्वोत्तर की कहानियां केवल लोक-संस्कृति नहीं हैं
IFFI में चयनित दूसरी फीचर फिल्म असमिया की सुर्जमुखी (सूरजमुखी) है. अंतरा जी.जी. चौधरी के निर्देशन में बनी यह असमिया फिल्म दो युवा सहकर्मियों-पुष्पल और प्रार्थना की कहानी है.
शुरुआत में उनके बीच प्रतिस्पर्धा होती है, जो धीरे-धीरे दोस्ती और प्रेम में बदलती है. लेकिन पैसों से भरा एक खोया हुआ बैग उनकी जिंदगी में नैतिक दुविधाएं पैदा कर देता है.
यह कहानी महत्वपूर्ण है क्योंकि पूर्वोत्तर की फिल्मों को अक्सर बाहर के दर्शकों के सामने केवल परंपरा, पहाड़, जनजातीय जीवन, संघर्ष या पर्यटन के चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है.
लेकिन पूर्वोत्तर के शहरों में भी आम जिंदगी है, प्रेम है, महत्वाकांक्षा है, आर्थिक संघर्ष है, रिश्तों की उलझन है और आधुनिक जीवन की वही नैतिक चुनौतियां हैं जो देश के दूसरे हिस्सों में दिखाई देती हैं.
सूर्जमुखी इस परिचित मानवीय संसार को असमिया भाषा और स्थानीय परिवेश में प्रस्तुत करती है. यही सांस्कृतिक विविधता का वास्तविक अर्थ है, बेशक अलग भाषा में कही गई कहानी, लेकिन भावनाएं ऐसी जिनसे देश का कोई भी दर्शक जुड़ सकता है.
कर्बी का एक दृश्य
कान्स का रेड कार्पेट और कर्बी बुनकर की कहानी
भारतीय पैनोरमा के गैर-फीचर खंड में चयनित रेडकार्पेट शायद इस पूरे समूह की सबसे दिलचस्प सांस्कृतिक यात्रा है.ऐमी बरूआ की 30 मिनट की असमिया डॉक्यूमेंट्री कार्बी ऑन्गलॉन्ग के डोंकामोंकम गांव की एक कर्बी बुनकर की यात्रा है. उसकी दुनिया पारंपरिक करघे, हाथों से बुने वस्त्र और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा से जुड़ी है. लेकिन उसकी यात्रा कान के रेड कार्पेट तक पहुंचती है.
यह कहानी केवल एक महिला की असाधारण यात्रा नहीं है. यह उस स्थानीय कला और शिल्प की कहानी है जिसे अक्सर आधुनिक फैशन और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक मंचों पर पहचान मिलने के बाद ही दुनिया गंभीरता से देखती है.
भारत में हथकरघा और पारंपरिक शिल्प के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल उत्पादन नहीं, बल्कि बाजार, पहचान और उचित मूल्य की भी है. किसी बुनकर की कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि उस कला के पीछे मौजूद समुदाय को स्थायी आर्थिक अवसर मिलें.
क्या कान (Cannes) जैसे मंच पर मिली पहचान गांव के करघे तक कोई आर्थिक लाभ पहुंचाती है? क्या पारंपरिक शिल्प को केवल सांस्कृतिक प्रदर्शन के बजाय आधुनिक बाजार में एक सम्मानजनक व्यवसाय बनाया जा सकता है? रेड कार्पेट इन सवालों की ओर भी ध्यान खींचती है.
मिजोरम वाली फिल्म का एक दृश्य
मिजोरम को देखने का एक दूसरा नजरिया
चौथी फिल्म चलो इंडिया विद एरिक जी-मिजोरम है. राजदीप चौधरी की 48 मिनट की अंग्रेजी डॉक्यूमेंट्री में पूर्व ब्रिटिश सांसद और इतिहास शिक्षक एरिक ऑवेरेंशॉ मिजोरम के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को समझने की कोशिश करते हैं.
फिल्म में राज्य की शिक्षा, नागरिक अनुशासन, फुटबॉल संस्कृति और कारोबार, शिक्षा तथा सामुदायिक नेतृत्व में मिजो महिलाओं की भूमिका को प्रस्तुत किया गया है.पूर्वोत्तर भारत को अक्सर राष्ट्रीय मीडिया में सीमित विषयों के साथ देखा जाता है. लेकिन मिजोरम जैसे राज्यों का समाज, उनकी शिक्षा व्यवस्था, स्थानीय संस्थाएं, महिलाओं की भूमिका और सामुदायिक जीवन भारत के बाकी हिस्सों के लिए भी अध्ययन का विषय हो सकते हैं.
यह डॉक्यूमेंट्री उस क्षेत्र को केवल भौगोलिक दूरस्थता से नहीं, बल्कि सामाजिक अनुभवों और नागरिक जीवन के आधार पर देखने का अवसर देती है.IFFI जैसे फिल्म महोत्सव में चयन किसी फिल्म के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे फिल्म को समीक्षक, फिल्मकार, वितरक और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिलता है.
लेकिन भारत की छोटी भाषाओं में फिल्म बनाने वालों के सामने महोत्सव के बाद भी कई कठिनाइयां बनी रहती हैं.फिल्म को अपने स्थानीय दर्शकों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त स्क्रीन मिलेंगी या नहीं? दूसरी भाषाओं में सबटाइटल और डबिंग का खर्च कौन उठाएगा? ओटीटी प्लेटफॉर्म ऐसी फिल्मों को कितनी जगह देंगे? स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों के लिए अगली फिल्म में काम का अवसर बनेगा या यह सफलता केवल एक फिल्म तक सीमित रह जाएगी?
इन सवालों का जवाब केवल पुरस्कार या फिल्म महोत्सव के चयन से नहीं मिलता.भारत में सिनेमाई विविधता को वास्तव में मजबूत बनाने के लिए ऐसी फिल्मों के निर्माण, वितरण और प्रदर्शन की पूरी व्यवस्था को मजबूत करना होगा. छोटे भाषाई फिल्म उद्योगों को वित्तीय सहायता, स्थानीय सिनेमाघरों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, प्रशिक्षण और तकनीकी संसाधनों की जरूरत है.
#Northeast Cinema Finds its Spotlight at 57th IFFI with Four Indian Panorama Selections 🎬 The diverse cultures, compelling stories and distinctive cinematic voices of Northeast India will find a prominent place at the 57th International Film Festival of India (#IFFI), with four films from the region selected for the prestigious Indian Panorama section. 🎬 Scheduled to be held in Goa from November 20 to 28, 2026, IFFI will showcase two feature films and two non-feature films from the Northeast, offering audiences a glimpse into the region’s indigenous heritage, social transformations and everyday lives. 🎬 Leading the feature film selection is Urum (Spirit), which marks a historic milestone as the first Nyishi-language film to be selected for IFFI Indian Panorama. 🎬 Directed by Duyu Tabyo, this psychological thriller from Arunachal Pradesh is also slated for its World Premiere at the festival. ➡️Want to know more? Read here: https://t.co/2tlgE8hEFc #NortheastCinema #IFFI #IFFI57 #IFFI2026 @IFFIGoa @MIB_India (1/2)
— PIB India (@PIB_India) November 17, 2026
भारत की सिनेमाई पहचान को बड़ा करने का समय
पूर्वोत्तर की चार फिल्मों का IFFI में चयन कोई ऐसा घटनाक्रम नहीं है जिसे केवल एक उत्सव की छोटी खबर मानकर छोड़ दिया जाए. यह भारतीय सिनेमा की पहचान पर एक बड़ा सवाल उठाता है.
क्या भारतीय सिनेमा केवल उन फिल्मों का नाम है जिन्हें सबसे ज्यादा टिकट मिलते हैं? क्या वह केवल कुछ बड़ी भाषाओं और महानगरों में निर्मित फिल्मों का संसार है? या उसमें गांवों, पहाड़ों, छोटी भाषाओं, आदिवासी समुदायों और स्थानीय जीवन की कहानियों के लिए भी बराबर जगह है?
ऊरुम, सुर्जमुखी, रेड कार्पेट और चलो इंडिया विद एरिक जी- मिजोरम हमें याद दिलाती हैं कि भारत की कहानियां किसी एक भाषा में नहीं कही जा सकतीं.भारतीय सिनेमा का विस्तार केवल अधिक बजट, बड़े सितारों और तकनीकी भव्यता से नहीं होगा.
वह तब भी बड़ा होगा जब देश की छोटी भाषाओं में कही गई कहानियां बड़े पर्दे तक पहुंचेंगी और दर्शक उन्हें केवल किसी क्षेत्र की फिल्म नहीं, बल्कि भारत की अपनी कहानी के रूप में देखेंगे.क्योंकि हिंदी सिनेमा के बाहर भी भारत है. और उस भारत की कहानियां भी हमारे सिनेमाई संसार का हिस्सा हैं.