सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 245 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-10-2026
Sensex rises 245 points in early trade, Nifty also strengthens
Sensex rises 245 points in early trade, Nifty also strengthens

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
स्थानीय शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी देखने को मिली। रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली और विदेशी कोषों के प्रवाह से बाजार बढ़त में कारोबार कर रहा था।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 245.43 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 73,491.46 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी 62.55 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,761.40 अंक पर कारोबार कर रहा था।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स में सबसे अधिक लाभ रहा। कंपनी के शेयर में करीब तीन प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। कंपनी ने सितंबर तिमाही में 18 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,682.44 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया है।
 
इसके अलावा पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में भी बढ़त रही।
 
दूसरी ओर ट्रेंट, मारुति सुजुकी इंडिया, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, इटर्नल और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे।