मौद्रिक नीति के और सख्त होने की आशंका में सेंसेक्स 1,045 अंक लुढ़का

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-10-2026
Sensex plunges 1,045 points on fears of further monetary policy tightening
Sensex plunges 1,045 points on fears of further monetary policy tightening

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

मौद्रिक नीति के और सख्त होने की आशंका में सेंसेक्स 1,045 अंक लुढ़का

कच्चे तेल की ऊंची कीमत और बिकवाली दबाव से घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 1,045 अंक का गोता लगा गया, जबकि एनएसई निफ्टी 22,230 अंक के स्तर से नीचे आ गया।
 
कच्चे तेल के दाम में तेजी और घरेलू तथा वैश्विक स्तर पर मौद्रिक नीति के और सख्त होने की आशंका के बीच ब्याज दर से संबंधित जिंस और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बाजार नुकसान में रहा।
 
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,045.46 अंक यानी 1.44 प्रतिशत का गोता लगाकर 71,593.24 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,310.95 अंक तक लुढ़क गया था।
 
इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 371.25 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,231.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 22,179.90 अंक के अपने 52 सप्ताह के निचले स्तर तक आ गया था।
 
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में आईटीसी, इंटरग्लोब एविएशन, पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अदाणी पोर्ट्स और एनटीपीसी प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।
 
दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक और इन्फोसिस के शेयर बढ़त में रहे।
 
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 4.25 प्रतिशत चढ़कर 104.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।