एसबीआई म्यूचुअल फंड का एयूएम 10 प्रतिशत बढ़कर 13.1 लाख करोड़ रुपये पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-10-2026
SBI Mutual Fund's AUM rises 10% to Rs 13.1 lakh crore
SBI Mutual Fund's AUM rises 10% to Rs 13.1 lakh crore

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
एसबीआई म्यूचुअल फंड की परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड की चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 13.1 लाख करोड़ रुपये हो गईं। वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी का परिचालन लाभ 11 प्रतिशत बढ़कर 1,797 करोड़ रुपये रहा।
 
कंपनी ने बयान में बताया कि अप्रैल-सितंबर अवधि में उसका परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़कर 2,336 करोड़ रुपये हो गया।
 
जुलाई-सितंबर तिमाही में सक्रिय रूप से प्रबंधित इक्विटी परिसंपत्तियों का औसत मूल्य करीब नौ लाख करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में नौ प्रतिशत अधिक है। इस खंड में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 12.4 प्रतिशत रही।
 
व्यवस्थित निवेश योजनाओं (एसआईपी) के तहत प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां 15 प्रतिशत बढ़कर 2.07 लाख करोड़ रुपये हो गईं। इस खंड में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 12.3 प्रतिशत रही। एसआईपी के तहत निवेशक नियमित अंतराल पर म्यूचुअल फंड में एक निश्चित राशि का निवेश करते हैं।
 
कंपनी ने बताया कि भारतीय म्यूचुअल फंड उद्योग में उसकी कुल बाजार हिस्सेदारी 15 प्रतिशत है। एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट को भारतीय स्टेट बैंक का समर्थन प्राप्त है और फ्रांस की परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी अमुंडी के साथ उसकी संयुक्त उद्यम साझेदारी है।