रिलायंस की अनुषंगी की अनुषंगी हैमलीज को भंग किया जाएगा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-10-2026
Reliance subsidiary's subsidiary Hamleys to be dissolved
Reliance subsidiary's subsidiary Hamleys to be dissolved

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसकी अनुषंगी की अनुषंगी कंपनी हैमलीज (फ्रेंचाइजिंग) लिमिटेड को भंग किया जा रहा है। कंपनी ने ब्रिटेन में स्वैच्छिक रूप से पंजीकरण समाप्त करने के लिए आवेदन किया था।
 
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने नियामकीय सूचना में कहा कि ब्रिटेन के कंपनी पंजीयक ने इस संबंध में आधिकारिक राजपत्र में नोटिस प्रकाशित किया है। इसके अनुसार हैमलीज (फ्रेंचाइजिंग) लिमिटेड को 27 अक्टूबर, 2026 से कम से कम दो महीने बाद कंपनी रजिस्टर से हटाकर भंग कर दिया जाएगा।
 
कंपनी के मुताबिक, हैमलीज (फ्रेंचाइजिंग) लिमिटेड ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 56.08 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वित्त वर्ष 2025-26 में रिलायंस इंडस्ट्रीज के कुल एकीकृत कारोबार में उसका योगदान महज 0.0048 प्रतिशत रहा। वहीं, 31 दिसंबर, 2025 तक कंपनी की कुल संपत्ति में से देनदारियां घटाने के बाद उसकी नेटवर्थ शून्य था।
 
गौरतलब है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज की अनुषंगी कंपनी रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड ने जुलाई, 2019 में ब्रिटिश खिलौना खुदरा विक्रेता हैमलीज का अधिग्रहण किया था। यह सौदा 6.79 करोड़ पाउंड (करीब 620 करोड़ रुपये) में पूरी तरह नकद भुगतान के आधार पर हुआ था। इस सौदे के तहत रिलायंस ने हांगकांग की कंपनी सी बैनर इंटरनेशनल होल्डिंग्स से हैमलीज ग्लोबल होल्डिंग्स लिमिटेड की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी।