आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सात पैसे की बढ़त के साथ 95.19 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और अमेरिकी कोष बॉन्ड के प्रतिफल में गिरावट के बीच घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। हालांकि, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी पूंजी के निरंतर प्रवाह और तेल आयात का बोझ कम होने से रुपये को मजबूती मिलने का आधार तैयार होगा। डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर के निकट अवधि में 94.75 से 95.75 के बीच रहने का अनुमान है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.21 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद इसमें मजबूती आई और यह 95.19 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की बढ़त है।
रुपया बृहस्पतिवार को दो पैसे की बढ़त के साथ 95.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.27 प्रतिशत फिसलकर 101.75 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 138.77 अंक बढ़कर 74,289.81 अंक पर और निफ्टी 38.95 अंक चढ़कर 22,967.10 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 116.09 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।