आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले तीन पैसे टूटकर 94.92 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपये पर दबाव रहा।
रुपये में सोमवार को आई गिरावट के साथ ही इसमें लगातार छह कारोबारी सत्रों से जारी तेजी थम गई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.90 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.75 के उच्चस्तर तक गया और 94.97 के निचले स्तर तक आया।
अंत में रुपया 94.92 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले तीन पैसे की गिरावट है।
रुपया शुक्रवार को लगातार छठे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ 10 पैसे मजबूत होकर 94.89 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के डॉलर की हाजिर मांग नियंत्रित करने के उपायों से रुपये को समर्थन मिला था।
रुपये में 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान करीब दो प्रतिशत की मजबूती आई थी।