ई-चालान के जुर्माने के 2.96 लाख रुपये के गबन के मामले में पूर्व उपनिरीक्षक पर मामला दर्ज

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-10-2026
Former sub-inspector booked for embezzling Rs 2.96 lakh of e-challan fines
Former sub-inspector booked for embezzling Rs 2.96 lakh of e-challan fines

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने केरलम के कासरगोड जिले में 2023 से 2025 के बीच यातायात नियमों के मामूली उल्लंघन के मामलों में जुर्माने के तौर पर वसूले गए 2.96 लाख रुपये के कथित गबन के संबंध में पुलिस के एक पूर्व उपनिरीक्षक पर मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों के अनुसार, वीएसीबी ने इस महीने की शुरुआत में अरुण मोहन के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वह इस अवधि के दौरान कासरगोड जिले के बेकल, मेलपरम्ब और वेल्लारिकुंडु पुलिस थानों में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे।
 
अधिकारियों ने बताया कि आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ई-चालान मशीन में वाहनों के पंजीकरण नंबर गलत दर्ज किए और रसीद जारी करते समय लोगों द्वारा जमा किए गए जुर्माने की राशि को सिस्टम में बकाया दिखाया।
 
प्राथमिकी के अनुसार, उसने कथित तौर पर इस राशि का गबन किया और निजी कामों के लिए इसका इस्तेमाल किया। इससे सरकार को 2,96,750 रुपये का नुकसान हुआ।
 
वीएसीबी के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस द्वारा जारी चालान में गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया।
 
अधिकारियों के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।