ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म ने अमेरिका के प्रीमियम आतिथ्य क्षेत्र में रखा कदम

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-08-2026
Oyo's parent company Prism enters the premium hospitality sector in the US
Oyo's parent company Prism enters the premium hospitality sector in the US

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 आतिथ्य सेवा मंच ओयो की मूल कंपनी प्रिज्म ने बुधवार को अमेरिका में ‘बेलविला डिस्ट्रिक्ट 6’ ब्रांड की शुरुआत की घोषणा की। इसके साथ ही कंपनी ने अमेरिका के प्रीमियम आतिथ्य खंड में प्रवेश करते हुए अपने वैश्विक विस्तार को गति दी है।
 
आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही कंपनी ने बयान में कहा कि ‘बेलविला डिस्ट्रिक्ट 6’ यूरोप में स्थापित अवकाश गृह ब्रांड ‘बेलविला’ का विस्तार है, जिसकी मौजूदगी बेल्जियम, नीदरलैंड, जर्मनी और ऑस्ट्रिया में है।
 
प्रिज्म के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितेश अग्रवाल ने कहा, “अमेरिका प्रिज्म के लिए एक रणनीतिक वृद्धि बाजार है, जहां प्रीमियम आतिथ्य खंड में मजबूत उपस्थिति बनाने के पर्याप्त अवसर हैं। ‘बेलविला डिस्ट्रिक्ट 6’ की शुरुआत इसी दिशा में पहला कदम है।”
 
उन्होंने कहा कि कंपनी ने इस ब्रांड के लिए ‘एक्सटेंडेड-स्टे’ यानी लंबे समय तक ठहरने वाले प्रारूप को चुना है, क्योंकि अमेरिका में व्यावसायिक तथा अवकाश यात्रियों की बदलती जरूरतों के चलते इस श्रेणी की मांग मजबूत बनी हुई है।
 
ब्रांड की शुरुआत तीन संपत्तियों—कोर्ट स्क्वायर (71 कमरे), द डच, लॉन्ग आइलैंड सिटी, क्वींस, न्यूयॉर्क (78 कमरे) और द लुई, न्यू ऑरलियन्स, लुसियाना (28 कमरे) के साथ की गई है।
 
एक्सटेंडेड-स्टे होटल आमतौर पर लंबे समय तक ठहरने वाले मेहमानों के लिए बनाए जाते हैं, जिनमें सुसज्जित रसोई, कमरे में कार्यस्थल, लॉन्ड्री, उच्च गति इंटरनेट और हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं।