मेकमाईट्रिप ने साल के अंत की सेल के लिए 30,000 से अधिक होटल, होमस्टे से साझेदारी की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
MakeMyTrip partners with over 30,000 hotels, homestays for year-end sale
MakeMyTrip partners with over 30,000 hotels, homestays for year-end sale

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ऑनलाइन यात्रा सेवा मंच मेकमाईट्रिप ने अपनी ‘ट्रैवल का मुहूर्त सेल’ के दूसरे संस्करण के लिए 30,000 से अधिक घरेलू तथा 3,500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय होटल एवं होमस्टे, 35 विमानन कंपनियों और आठ बैंकों के साथ साझेदारी की है। कंपनी साल के अंत में छुट्टियों के दौरान यात्रा की मांग को छूट के जरिये बढ़ाना चाहती है।
 
मेकमाईट्रिप ने बयान में कहा कि ‘ट्रैवल का मुहूर्त सेल’ का दूसरा संस्करण 14 नवंबर, 2026 से शुरू होगा। यह सेल साल के अंत में छुट्टियों की योजना बना रहे लोगों के लिए है।
 
कंपनी के अनुसार, इस सेल में 30,000 से अधिक घरेलू और 3,500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय आवास इकाइयां शामिल हैं। इनमें होटल श्रृंखलाएं, रिजॉर्ट, छोटे होटल, होमस्टे और विला शामिल हैं। इसके अलावा 35 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय विमानन कंपनियां तथा आठ बैंक भी साझेदार हैं। ये आंकड़े 11 नवंबर, 2026 तक के हैं।
 
मेकमाईट्रिप ने कहा कि इस दौरान उड़ानों, होटल, होमस्टे, हॉलिडे पैकेज, बस, कैब और ट्रेन की बुकिंग के अलावा पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकट, मनोरंजन गतिविधियों, विदेशी मुद्रा और वीजा सेवाओं पर भी छूट मिलेगी।
 
घरेलू पर्यटन स्थलों में पुडुचेरी, कूर्ग, अंडमान, लक्षद्वीप, जम्मू-कश्मीर, केरल, राजस्थान, पूर्वोत्तर राज्य और गोवा शामिल हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए जापान, दुबई, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, वियतनाम, श्रीलंका, ब्रिटेन और यूरोप के अन्य देशों की पेशकश की गई है।