Grandson withdraws huge amount from grandfather's account, spends Rs 29.50 lakh with friend
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महंगे शौक, लग्जरी यात्राओं और दोस्तों के साथ पार्टियां करने के लिए नौसेना के 87 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मी के बैंक खाते से 29.50 लाख रुपये अवैध रूप से निकालने के आरोप में उनके पोते समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान बुलंदशहर निवासी अभिषेक राघव (22) और तुषार चौधरी (22) के रूप में हुई है। अभिषेक पीड़ित का पोता और शिकायतकर्ता का बेटा है, जबकि तुषार उसका सहयोगी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अश्विनी राघव ने आरोप लगाया था कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर पैसे निकाले गए तथा जांच में खाते से कुल 29,50,892 रुपये की रकम निकाले जाने का पता चला।
डीसीपी ने बताया कि बैंक खातों के विवरण और वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण करने पर पता चला कि ठगी की रकम में से 9,26,892 रुपये अभिषेक के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में और 20,24,000 रुपये तुषार के पंजाब नेशनल बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए थे।