आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विदेशी पूंजी का प्रवाह जारी रहने, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रिलायंस इंडस्ट्रीज एवं बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 427 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,387 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 427.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत बढ़कर 82,532.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 792.70 अंक यानी 0.96 प्रतिशत चढ़कर 82,897.49 अंक पर पहुंच गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयर वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 96.30 अंक यानी 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,387.40 अंक पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बावजूद घरेलू बाजारों में तेजी रही। सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयर में गिरावट का रुख देखा गया।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.26 प्रतिशत बढ़कर 92.68 डॉलर प्रति बैरल पर था।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 4,864.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।