आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वाहन डीलरों के संगठन फाडा ने बृहस्पतिवार को कहा कि फरवरी में वाहनों की घरेलू खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर 26 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस दौरान जीएसटी सुधारों, बेहतर मांग और बाजार के भरोसे के कारण सभी श्रेणियों का प्रदर्शन बेहतर रहा।
पिछले महीने कुल खुदरा बिक्री 25.62 प्रतिशत बढ़कर 24,09,362 इकाई रही, जो फरवरी 2025 में 19,17,934 इकाई थी।
फाडा के अध्यक्ष सी एस विघ्नेश्वर ने एक बयान में कहा, ''वृद्धि लगभग सभी श्रेणियों में रही... छह में पांच श्रेणियों - दोपहिया, तिपहिया, यात्री वाहन (पीवी), वाणिज्यिक वाहन (सीवी) और ट्रैक्टर - ने फरवरी में मात्रा के लिहाज से अपनी अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की, जो बाजार में मांग की मजबूती को दर्शाता है।''
सालाना आधार पर दोपहिया वाहनों में 25 प्रतिशत, तिपहिया वाहनों में 24 प्रतिशत, यात्री वाहनों में 26 प्रतिशत और वाणिज्यिक वाहनों में 29 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यात्री वाहनों की बिक्री पिछले महीने बढ़कर 3,94,768 इकाई रही, जो एक साल पहले इसी अवधि में 3,13,015 इकाई थी।
विघ्नेश्वर ने कहा, ''शहरी बाजारों में 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि ग्रामीण बाजारों में 34 प्रतिशत का उछाल आया, जो महानगरों के अलावा निरंतर मजबूत मांग का संकेत देता है।''