ओस्लो
वेनेजुएला की विपक्षी नेता और इस वर्ष की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरिना मचाडो द्वारा मंगलवार को किए जाने वाले संवाददाता सम्मेलन को अचानक रद्द कर दिया गया। यह कार्यक्रम ओस्लो में होने वाले आधिकारिक पुरस्कार समारोह से एक दिन पहले आयोजित होना था।
58 वर्षीय मचाडो लगभग 11 महीने से जनता के बीच नहीं दिखी हैं। पुरस्कार समारोह से पूर्व यह उनका पहला सार्वजनिक संवाद होने वाला था। दोपहर के भोजन के समय निर्धारित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को अचानक बिना किसी कारण बताए स्थगित कर दिया गया।
निर्धारित समय के लगभग तीन घंटे बाद नॉर्वेजियन नोबेल इंस्टीट्यूट ने घोषणा की कि “यह आज नहीं होगा।”
संस्थान ने ईमेल के माध्यम से बताया,"मारिया कोरिना मचाडो स्वयं कई बार साक्षात्कारों में कह चुकी हैं कि ओस्लो, नॉर्वे की यात्रा उनके लिए कितनी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। इसलिए इस समय हम यह नहीं बता सकते कि वह नोबेल शांति पुरस्कार समारोह में कब और कैसे शामिल होंगी।"
नोबेल संस्थान ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि संवाददाता सम्मेलन बाद में आयोजित किया जाएगा या नहीं।गौरतलब है कि मचाडो को 10 अक्टूबर को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए चुना गया था। चयन समिति ने उन्हें “बढ़ते अंधकार के बीच लोकतंत्र की लौ जलाए रखने वाली एक साहसी आवाज़” बताते हुए वेनेजुएला में लोकतांत्रिक बदलाव के लिए उनके प्रयासों को सम्मानित किया।