अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो यूक्रेन के वार्ताकारों के साथ बैठक करेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-11-2025
US Secretary of State Rubio to meet with Ukrainian negotiators
US Secretary of State Rubio to meet with Ukrainian negotiators

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के शीर्ष अधिकारी इस सप्ताहांत फ्लोरिडा में यूक्रेनी वार्ताकारों से मुलाकात करेंगे।
 
बैठक में वे यूक्रेन में रूस के युद्ध को समाप्त करने के लिए मध्यस्थता करने पर जोर देंगे और मॉस्को में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली प्रमुख वार्ता के लिए मंच तैयार करेंगे।
 
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर के यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रस्तावित शांति समझौते के विवरण पर चर्चा करने की संभावना है।
 
शुक्रवार को, फ्लोरिडा वार्ता से ठीक पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने चीफ ऑफ स्टाफ आंद्रेई यरमक के इस्तीफे की घोषणा की, जो अमेरिका के साथ वार्ता में देश के प्रमुख वार्ताकार थे।
 
यह घोषणा भ्रष्टाचार विरोधी जांचकर्ताओं द्वारा यरमक के घर की तलाशी के बाद की गई। ऊर्जा क्षेत्र के ठेकेदारों द्वारा दी गई रिश्वत राशि के जरिये लगभग 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर के गबन के आरोपों के बाद जेलेंस्की की सरकार पर घरेलू दबाव भी बढ़ गया है।
 
एक सप्ताह पहले ही रूबियो ने जेनेवा में यरमक से मुलाकात की थी, जिसमें दोनों पक्षों ने कहा था कि संशोधित शांति योजना तैयार करने में वार्ता सकारात्मक रही है।
 
जेलेंस्की ने कहा कि मौजूदा यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल में यूक्रेन के सशस्त्र बलों के प्रमुख आंद्रेई ह्नातोव, यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा और यूक्रेन की सुरक्षा परिषद के प्रमुख रुस्तम उमेरोव शामिल हैं।
 
वार्ताकारों का ध्यान वाशिंगटन और मॉस्को के बीच बातचीत में ट्रंप की प्रस्तावित 28-सूत्रीय योजना में संशोधनों पर केंद्रित रहा है। इस योजना की आलोचना यह कहकर की गई कि इसमें रूस की मांगों पर जोर दिया गया है।
 
ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वह इस योजना पर चर्चा के लिए पुतिन से मिलने के वास्ते विटकॉफ और संभवतः कुशनर को इसी हफ्ते मॉस्को भेजेंगे।