आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की ओर से भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार और फ्लाईदुबई के चालक दल के अन्य सदस्यों को ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद 2’ से सम्मानित किया गया है।
दुबई-तेल अवीव उड़ान के दौरान हमले की कोशिश को नाकाम कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में दिखाए गए साहस के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया।
दुबई की सरकार के मीडिया कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि दुबई के युवराज, उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने ये पदक प्रदान किए। उन्होंने चालक दल के कार्यों और उनकी जिम्मेदारी की भावना की सराहना की।
मच्छार और फ्लाईदुबई के चालक दल के अन्य सदस्यों को राष्ट्रपति की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में यह सम्मान दिया गया।
यह घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई थी। यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उसमें 170 से अधिक लोग सवार थे।