आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को ओहायो के गवर्नर पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को वह विवादित विज्ञापन जारी रखने का सुझाव दिया जिसमें डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी एमी एक्टन की मां को दिखाया गया है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह विज्ञापन ‘‘बेहद असरदार साबित हो रहा है।’’
राष्ट्रपति ने ओहायो के रिपब्लिकन गवर्नर माइक डिवाइन की भी आलोचना की, जिन्होंने पहले इस विज्ञापन को ‘‘बेहद, बेहद परेशान करने वाला’’ बताया था। एक्टन पहले डिवाइन के प्रशासन में स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में काम कर चुकी हैं। एक्टन के सौतेले पिता पर उनसे दुष्कर्म करने का आरोप लगने के बाद उनकी मां ने एक्टन और उनके भाई की अभिरक्षा खो दी थी।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘उन्होंने (डिवाइन ने) स्पष्ट रूप से सुझाव दिया कि विवेक को विज्ञापन हटा देना चाहिए। संभवत: वह चाहते हैं कि कोई डेमोक्रेट जीत जाए और निश्चित रूप से ऐसा व्यक्ति नहीं चाहते जो उनसे कहीं बेहतर काम कर सके। मैंने विवेक को इसे जारी रखने और सभी को एक ऐसे उम्मीदवार की मां की बात सुनने देने का सुझाव दिया, जो अपनी बेटी को दोषपूर्ण, बेईमान और अक्षम बताती हैं तथा कहती हैं कि वह अनियंत्रित रूप से झूठ बोलती है, धोखा देती है और चोरी करती है।’