सबके साथ दोस्ती का ट्रंप का अंदाज, एशिया की बैठकों से दिखीं बदलती विश्व व्यवस्था की अलग-अलग तस्वीरें

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-11-2026
Trump's all-hands-on-deck approach; Asian meetings reveal different perspectives of a changing world order
Trump's all-hands-on-deck approach; Asian meetings reveal different perspectives of a changing world order

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एशिया यात्रा के दौरान कूटनीति के दो बिल्कुल अलग रंग देखने को मिले, जिसने न केवल अमेरिकी विदेश नीति की बदलती दिशा, बल्कि वैश्विक राजनीति में बनते नए समीकरणों और विरोधाभासों को भी उजागर किया।
 
ट्रंप ने इस सप्ताह फिलीपीन की राजधानी मनीला में एक ओर चीन के बढ़ते प्रभाव को चुनौती देने के लिए भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ साझेदारी मजबूत करने की कवायद की, तो दूसरी ओर शेनझेन में चीन और रूस के साथ नए सहयोग की संभावनाएं तलाशने की पहल की।
 
मनीला में हुई बैठक का मकसद ‘क्वाड’ साझेदारी को मजबूत करना था, जिसे चीन के प्रभाव का मुकाबला करने के लिए बनाया गया है।
 
इसके दो दिन बाद ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इन तीन देशों के बीच पहली बार हुए इस तरह के शिखर सम्मेलन में उन्होंने कई बेहद अहम मुद्दों पर ‘नए अवसरों और तरीकों’ पर चर्चा करने की बात कही। इन देशों को लंबे समय से एक-दूसरे का प्रतिद्वंद्वी माना जाता रहा है।
 
ट्रंप ने इन सभी नेताओं को उत्साहपूर्वक अपना मित्र बताया, लेकिन दोनों बैठकों ने उनके बीच के कुछ अहम मतभेदों को भी उजागर किया। एशिया की अपनी इस यात्रा के दौरान हुई भू-राजनीतिक महत्व की ये दोनों बैठकें ऐसे समय में अमेरिका के राष्ट्रपति की विदेश नीति के अलग-अलग रुख को दर्शाती हैं, जब वैश्विक व्यवस्था में बदलाव हो रहा है।
 
हडसन इंस्टीट्यूट में एशिया मामलों के वरिष्ठ शोधार्थी केन मोरियासु ने कहा, ‘‘क्वाड में कानून के शासन का सम्मान करने वाले चार लोकतांत्रिक देश शामिल हैं और यह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था का प्रतिनिधित्व करता है।’’