Goldy Brar is wanted in Canada in a 2023 murder case.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कनाडा के विन्निपेग में 2023 में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के एक कथित सदस्य की हत्या के मामले में पुलिस ने सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी वांछित अपराधियों की सूची में शामिल किया है। स्थानीय मीडिया में आई खबरों से यह जानकारी मिली।
‘सीबीसी न्यूज’ ने बृहस्पतिवार को बताया कि 32 वर्षीय बराड़ हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोपों में वांछित है।
खबर में पुलिस के हवाले से कहा गया है कि उस पर कनाडा में कई तरह के अपराधों में ‘‘महत्वपूर्ण भूमिका’’ निभाने का भी संदेह है।
इसके अलावा कनाडा की पुलिस सेवाओं के साथ मिलकर काम करने वाले एक निजी गैर-लाभकारी जन सुरक्षा संगठन ‘बीओएलओ प्रोग्राम’ ने बृहस्पतिवार को जारी देश के 25 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में भी बराड़ को पहले स्थान पर रखा है।
पुलिस ने कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी की जानकारी देने वाले को 2,50,000 कनाडाई डॉलर तक का इनाम देने की पेशकश की है।
‘सीबीसी न्यूज’ के अनुसार, विन्निपेग पुलिस 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में बराड़ की तलाश कर रही है। गिल का शव 20 सितंबर 2023 को विन्निपेग के उत्तर-पश्चिमी इलाके में हेजलटन ड्राइव स्थित एक मकान में मिला था। गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी।