Japanese Prime Minister Takaichi in favor of continuing talks with China to reduce tensions
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने बृहस्पतिवार को चीन के साथ द्विपक्षीय तनाव कम करने के लिए बातचीत और संवाद जारी रखने की वकालत की। ताइवान को लेकर उनकी टिप्पणियों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। उन्होंने चीन को जापान का ''महत्वपूर्ण पड़ोसी'' बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच कई लंबित मुद्दे हैं।
ताकाइची एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) के आर्थिक नेताओं की बैठक में हिस्सा लेने के लिए शेनझेन में हैं।
उन्होंने एपेक शिखर सम्मेलन से इतर संवाददाताओं से कहा, ''चीन एक महत्वपूर्ण पड़ोसी है और दोनों देशों के बीच कई मुद्दे लंबित हैं। ऐसे में संवाद और बातचीत जारी रखना महत्वपूर्ण है।''
इससे पहले ताकाइची ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से हाथ मिलाया और बाद में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक की।
शी के साथ संक्षिप्त मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर जापानी प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने निमंत्रण के लिए चीनी राष्ट्रपति का आभार जताया और एपेक शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन पर उन्हें बधाई दी।
ताकाइची की पिछले साल नवंबर में संसद में की गई एक टिप्पणी के बाद टोक्यो और बीजिंग के संबंधों में भारी गिरावट आई थी। उन्होंने कहा था कि चीन की ओर से स्वशासित द्वीप ताइवान पर हमला किए जाने की स्थिति में जापान के आत्मरक्षा बल अमेरिकी सेना की मदद कर सकते हैं।
उनकी इस टिप्पणी से चीन नाराज हो गया था और उसने जापान के खिलाफ कई राजनीतिक एवं आर्थिक कदम उठाए थे। इनमें उच्च प्रौद्योगिकी वाले उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले दुर्लभ मृदा तत्वों के निर्यात पर प्रतिबंध भी शामिल है।