मौत के मुंह से अंकुश को खींच लाए अफरोज मासूम

Story by  ओनिका माहेश्वरी | Published by  onikamaheshwari | Date 20-11-2026
Afroz Masoom pulled Ankush back from the jaws of death.
Afroz Masoom pulled Ankush back from the jaws of death.

 

ओनिका माहेश्वरी/ नई दिल्ली  

“इंसानियत का कोई मजहब नहीं होता, और किसी की जान बचाने से बड़ा कोई धर्म नहीं होता।” जब समाज में धर्म और जाति के नाम पर दूरियां पैदा करने की कोशिशें होती हैं, तब बिहार के अररिया से आई एक घटना याद दिलाती है कि इंसानियत आज भी जिंदा है। एक मुस्लिम पत्रकार ने छह हिंदू युवकों को बचाने के लिए गहरे पानी में अपनी जान की परवाह किए बिना छलांग लगा दी। अफसोस कि वह छह जिंदगियां नहीं बचा सके, लेकिन एक युवक अंकुश कुमार को मौत के मुंह से बाहर निकालने में कामयाब रहे।

28 वर्षीय पत्रकार अफरोज मासूम ने न किसी का मजहब देखा, न जाति पूछी और न ही पहचान जानने की कोशिश की। उनके साथ दोस्त स्वीटी बाबू भी बचाव कार्य में जुटे रहे। जिस तिलक समारोह से लौटते वक्त यह हादसा हुआ, वह एक हिंदू परिवार का आयोजन था, लेकिन संकट की घड़ी में मदद के लिए आगे आए अफरोज ने धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत का फर्ज निभाया। यह सिर्फ एक युवक की जान बचाने की कहानी नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और साझा विरासत की ऐसी तस्वीर है, जिसे भुलाया नहीं जाना चाहिए।

तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदलीं

यह दर्दनाक हादसा अररिया जिले के खोरागाछ पंचायत के वार्ड संख्या-09स्थित बीड़ी पुल के पास हुआ। यहां के निवासी संजय नंदन विश्वास के पुत्र डॉ. जयंत कुमार विश्वास का तिलक समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह में शामिल होने के लिए सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव से लोग आए थे। बुधवार को घर में उत्सव का माहौल था। रिश्तेदारों और मेहमानों की चहल-पहल थी। तिलक की रस्में पूरी हुईं और सभी ने साथ बैठकर भोजन किया। रात करीब 10:30बजे मेहमानों को विदाई दी गई। इसके बाद आठ लोग स्कॉर्पियो से अपने घर सुपौल के थुमहा गांव के लिए रवाना हुए। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में खुशियों से भरा यह सफर एक बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। रात करीब 11बजे बीड़ी पुल के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में जा गिरी।

घर लौट रहे थे अफरोज, तभी दिखी नदी में डूबी स्कॉर्पियो

घटना के वक्त 28वर्षीय पत्रकार अफरोज मासूम अररिया शहर से अपने घर की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में गिरी स्कॉर्पियो पर पड़ी। वाहन काफी गहराई में डूबा हुआ था और उसके भीतर पानी भर रहा था। अफरोज ने स्थिति की गंभीरता समझते हुए बिना देर किए घटनास्थल से लगभग 100मीटर की दूरी पर स्थित पुलिस चौकी से जवानों को बुलाया। पुलिसकर्मी आवश्यक सूचना और व्यवस्था करने में जुट गए। इस बीच अफरोज ने खुद भी बचाव कार्य में उतरने का फैसला किया। कुछ ही देर बाद उनके दोस्त स्वीटी बाबू भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने मिलकर दूसरे लोगों के साथ बचाव अभियान शुरू किया। गहरे पानी में उतरना आसान नहीं था, लेकिन किसी की जान बचाने की उम्मीद ने उन्हें पीछे हटने नहीं दिया।

छह लोगों को नहीं बचा सके, अंकुश कुमार को दिया नया जीवन

अफरोज मासूम के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। पानी की गहराई काफी अधिक थी। गाड़ी के भीतर पानी भर चुका था और आसपास दलदली तथा जंगली इलाका होने के कारण बचाव कार्य बेहद मुश्किल हो रहा था। इसके बावजूद अफरोज, उनके दोस्त स्वीटी बाबू और अन्य लोगों ने पूरी कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद वे एक युवक को जीवित बाहर निकालने में सफल रहे। उस युवक का नाम अंकुश कुमार था। हालांकि, बाकी छह लोगों को बचाया नहीं जा सका। बाद में जेसीबी की मदद से स्कॉर्पियो को नदी से बाहर निकाला गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरव कुमार (15वर्ष), पिता तुलसी मंडल; यस कुमार (16वर्ष), पिता स्व. सुंदर मंडल; मुन्ना कुमार (22वर्ष), पिता राशो मंडल; शिवा कुमार, पिता शंकर मंडल; आदित्य कुमार (20वर्ष), पिता शंकर मंडल और कुंदन कुमार (28वर्ष), पिता वीरेंद्र साह के रूप में हुई है। सभी मृतक सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नदी में वाहन गिरने के बाद पानी भरने से दम घुटने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी।

अफरोज मासूम 

एक मुस्लिम पत्रकार ने बचाई हिंदू युवक की जान, यही है भारत की असली पहचान

इस हादसे की सबसे भावुक तस्वीर अफरोज मासूम की भूमिका है। वह मुस्लिम समुदाय से आते हैं, जबकि हादसे में जान गंवाने वाले युवक हिंदू परिवारों से थे। लेकिन उस रात नदी के किनारे किसी की धार्मिक पहचान मायने नहीं रखती थी। अफरोज ने यह नहीं सोचा कि डूब रहे लोग किस धर्म या समुदाय के हैं। उन्होंने यह नहीं पूछा कि उनका नाम क्या है, उनकी जाति क्या है या वे कहां से आए हैं। उन्होंने सिर्फ इतना देखा कि कुछ लोग जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें मदद की जरूरत है।

यही भारत की असली पहचान है। यही गंगा-जमुनी तहजीब है, जहां एक समुदाय का दुख दूसरे समुदाय का भी दुख बनता है। जहां इंसानियत का रिश्ता मजहब की दीवारों से बड़ा होता है। अफरोज मासूम ने किसी मंच से हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश नहीं दिया, बल्कि अपने काम से उसे जमीन पर उतारकर दिखाया। उनके दोस्त स्वीटी बाबू और अन्य स्थानीय लोगों का सहयोग भी इस बात की मिसाल है कि मुश्किल वक्त में इंसान एक-दूसरे का सहारा बनता है।

किसान के बेटे हैं अफरोज मासूम, दिल्ली विश्वविद्यालय से की पढ़ाई

अफरोज मासूम की उम्र महज 28साल है। वह बिहार के अररिया जिले के रहने वाले हैं। उनके पिता अबू सईद किसान हैं। अफरोज ने दिल्ली विश्वविद्यालय के मालवीय नगर स्थित श्री अरबिंदो कॉलेज से पढ़ाई की है और पत्रकारिता के पेशे से जुड़े हुए हैं। घटना के समय वह किसी रिपोर्टिंग असाइनमेंट पर नहीं थे। वह अपने घर लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उन्हें एक ऐसी परिस्थिति में खड़ा कर दिया, जहां उन्हें पत्रकार होने से पहले एक जिम्मेदार इंसान की भूमिका निभानी थी। अफरोज के मुताबिक, घटना के दौरान उनके बनाए गए विजुअल उनके सोशल मीडिया पेज पर लाइव भी प्रसारित हुए। उनके विजुअल न्यूज18समेत अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रकाशित हुए।

बीड़ी पुल की बनावट पर भी उठे सवाल

इस हादसे ने बीड़ी पुल की संरचना और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। अफरोज मासूम के अनुसार, पुल के आगे करीब 90डिग्री का तीखा मोड़ है। नए राहगीरों को इस मोड़ का अंदाजा आसानी से नहीं हो पाता। उनका कहना है कि पुल का स्ट्रक्चर इस तरह बना है कि आगे आने वाले मोड़ का पता समय रहते नहीं चलता। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पुल पर पर्याप्त चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा इंतजाम मौजूद हैं? क्या वाहन चालकों को पहले से तीखे मोड़ की जानकारी देने के लिए उचित साइनबोर्ड लगाए गए हैं? स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग को इस स्थान की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संकेतक, बेहतर रेलिंग, रिफ्लेक्टर और अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

छह लोगों की मौत का दर्द, एक जिंदगी बचाने की उम्मीद

इस घटना को केवल बहादुरी की कहानी के तौर पर देखना पर्याप्त नहीं होगा। छह लोगों की मौत ने कई घरों की खुशियां छीन लीं। जिस परिवार में तिलक समारोह हुआ था, वहां अगले दिन टेंट और सामियाना तो लगा था, लेकिन खुशियों की जगह मातम ने ले ली थी। परिवार और गांव के लोग दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवकों के साथ थे। घर में मौजूद महिलाएं भी गहरे सदमे में थीं।

अफरोज मासूम छह लोगों को बचा नहीं सके, लेकिन अंकुश कुमार को बचाने की उनकी कोशिश एक जिंदगी के लिए नई शुरुआत बन गई। उनके साथ बचाव कार्य में जुटे स्वीटी बाबू और अन्य स्थानीय लोगों के योगदान को भी याद रखा जाना चाहिए।

इस हादसे ने एक तरफ सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं, तो दूसरी तरफ समाज को एक बड़ा संदेश भी दिया है। इंसानियत किसी एक धर्म, जाति या समुदाय की जागीर नहीं है। आज जब समाज में धर्म के नाम पर दूरियां पैदा करने की कोशिशें होती हैं, तब अफरोज मासूम की यह कहानी बताती है कि असली एकता भाषणों में नहीं, बल्कि एक-दूसरे के लिए खड़े होने में है।

अफरोज ने साबित किया कि इंसान की सबसे बड़ी पहचान उसका मजहब नहीं, बल्कि उसका इंसान होना है। छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी, लेकिन एक जिंदगी बचाने के लिए दिखाई गई उनकी हिम्मत हिंदुस्तान की साझा संस्कृति, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की यादगार मिसाल बन गई। कि जब जिंदगी और मौत के बीच कोई इंसान मदद के लिए पुकारता है, तब सबसे बड़ा धर्म सिर्फ एक होता है-इंसानियत।