Jaishankar expresses concern over resources being used as 'weapons' during India-Japan talks
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बृहस्पतिवार को संसाधनों, संपर्क मार्गों और आपूर्ति शृंखलाओं को ‘‘हथियार’’ के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई और कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत और जापान जैसी विश्वसनीय साझेदारियों का महत्व लगातार बढ़ रहा है।
जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बृहस्पतिवार को तोक्यो में आयोजित भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की चौथी वार्ता में शामिल हुए, जिसे 2+2 बैठक भी कहा जाता है।
वार्ता के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था इस समय कई तरह के झटकों का सामना कर रही है, जिनमें दो बड़े जारी संघर्ष, आर्थिक अस्थिरता और कोविड-19 महामारी के दुष्प्रभाव शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन घटनाक्रम ने ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
जयशंकर ने कहा, ‘‘जब हम इन मोर्चों पर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं, तब भारत और जापान जैसी विश्वसनीय एवं सार्थक साझेदारियां और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती हैं।’’
रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का प्रभाव संबंधित क्षेत्रों से कहीं आगे तक पड़ा है। इससे वैश्विक ऊर्जा बाजार, समुद्री परिवहन और खाद्य सुरक्षा प्रभावित हुई है।