आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा व्हाइट हाउस के अंदरूनी हिस्सों की सजावट की तुलना अपनी भव्यता के लिए चर्चित रेस्तरां शृंखला ‘चीजकेक फैक्ट्री’ से किए जाने के बाद वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस के नवीनीकरण का बचाव किया है।
ट्रंप ने मिसिसिपी में एक चुनावी रैली और मीडिया से बातचीत के दौरान व्हाइट हाउस में कराए गए बदलावों का उल्लेख किया और ओबामा को ‘खराब राष्ट्रपति’ बताया।
ओबामा ने शनिवार को मिशिगन में एक रैली के दौरान ट्रंप के घर के नवीनीकरण पर ध्यान देने और सोने की सजावट के प्रति उनके लगाव पर कटाक्ष किया था। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रंप को घरों के नवीनीकरण और आंतरिक सज्जा से जुड़े टीवी चैनल एचजीटीवी पर आना चाहिए।
ओबामा ने मजाकिया लहजे में कहा, “यह सोने का क्या चक्कर है? मेरा मतलब है, उन्होंने व्हाइट हाउस को ऐसा बना दिया है, मानो सद्दाम हुसैन ने ‘चीजकेक फैक्ट्री’ खोल दी हो।”
पूर्व राष्ट्रपति ने देश की राजधानी में नवीनीकरण पर ध्यान देने के बजाय अमेरिकियों के लिए जीवनयापन की लागत कम करने पर ध्यान नहीं देने को लेकर भी ट्रंप की आलोचना की। मध्यावधि चुनावों में महंगाई और बढ़ती लागत अहम मुद्दे बने हुए हैं।
इस बीच, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने सोमवार को व्हाइट हाउस के पास स्थित ‘चीजकेक फैक्ट्री’ का दौरा किया। उन्होंने ओबामा पर पलटवार करते हुए शिकागो में बन रहे उनके राष्ट्रपति पुस्तकालय की तुलना ‘स्टार वार्स’ के खलनायक डार्थ वाडर की कब्र से की।