ऑकलैंड से गूंजा नए साल का पहला जश्न, बारिश के बीच आतिशबाजी से हुआ 2026 का स्वागत

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 01-01-2026
The first New Year's celebrations of 2026 echoed from Auckland, as fireworks lit up the sky amidst the rain to welcome the new year.
The first New Year's celebrations of 2026 echoed from Auckland, as fireworks lit up the sky amidst the rain to welcome the new year.

 

मेलबर्न।

दुनिया में सबसे पहले नए साल 2026 का स्वागत ऑकलैंड ने किया। न्यूजीलैंड के इस प्रमुख शहर में आधी रात होते ही बारिश के बावजूद ज़ोरदार आतिशबाजी के साथ नए साल का जश्न मनाया गया। ऑकलैंड, इस तरह 2026 का स्वागत करने वाला पहला बड़ा वैश्विक शहर बन गया।

न्यूजीलैंड की सबसे ऊंची इमारत स्काई टावर** से पांच मिनट तक चले शानदार आतिशबाजी प्रदर्शन ने आसमान को रंगों से भर दिया। करीब 240 मीटर ऊंचे स्काई टावर की अलग-अलग मंज़िलों से की गई आतिशबाजी ने बारिश के बावजूद लोगों के उत्साह को कम नहीं होने दिया। करीब 17 लाख की आबादी वाले इस शहर में जैसे ही घड़ी ने रात 12 बजाए, लोगों ने तालियों और उल्लास के साथ 2026 का स्वागत किया।

हालांकि, खराब मौसम और बारिश की आशंका के चलते न्यूजीलैंड के उत्तरी द्वीप में कुछ नववर्ष कार्यक्रमों को एहतियातन रद्द भी करना पड़ा। इसके बावजूद, ऑकलैंड का जश्न इस बात का प्रतीक बना कि मौसम भी नए साल के उत्साह को रोक नहीं सका।

न्यूजीलैंड के बाद, दो घंटे के अंतराल से ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर नया साल आया। देश के सबसे बड़े शहर सिडनी में हर साल की तरह सिडनी हार्बर ब्रिज के आसपास बड़ी संख्या में लोग आतिशबाजी देखने के लिए जुटे। हालांकि इस बार जश्न का रंग हालिया दुखद घटनाओं के कारण थोड़ा संयमित रहा। दिसंबर के मध्य में बोंडी बीच पर हुए सामूहिक गोलीबारी हमले की छाया नए साल के आयोजन पर साफ दिखाई दी। इस हमले में 15 लोगों की मौत और दर्जनों के घायल होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए थे।

इसी बीच, ऑस्ट्रेलिया के पड़ोसी देश इंडोनेशिया में सुमात्रा द्वीप के कुछ हिस्सों में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के कारण नववर्ष समारोह सीमित रखे गए। प्रभावित समुदायों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए बड़े जश्नों से परहेज़ किया गया।

एशिया के कई हिस्सों में नए साल का स्वागत सदियों पुरानी परंपराओं के साथ किया गया। जापान की राजधानी टोक्यो में एक बौद्ध मंदिर में मध्यरात्रि को घंटी बजाने की परंपरा निभाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद जताई गई।

उधर, चीन में राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने नए साल के मौके पर राष्ट्र को संबोधित किया। राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित अपने संदेश में उन्होंने ताइवान के साथ चीन के पुनः एकीकरण को “अपरिहार्य” बताया। उन्होंने कहा कि ताइवान जलडमरूमध्य के दोनों ओर रहने वाले लोगों के बीच पारिवारिक और सांस्कृतिक रिश्ते हैं। इसके साथ ही शी चिनफिंग ने चीन की आर्थिक, रक्षा और तकनीकी प्रगति को भी रेखांकित किया।

इस तरह, दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अपने-अपने हालात और परंपराओं के साथ वर्ष 2026 का स्वागत हुआ—कहीं आतिशबाजी के शोर में, तो कहीं संयम और चिंतन के साथ।