आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
श्रीलंका ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक अन्य ईरानी पोत ने उसके जलक्षेत्र में प्रवेश की अनुमति मांगी है और इस संबंध में वह उचित कदम पर विचार कर रहा है।
श्रीलंका का यह बयान ऐसे समय में आया है जब एक दिन पहले श्रीलंका के निकट ईरान के एक नौसैनिक पोत (फ्रिगेट) पर हमला हुआ था।
श्रीलंकाई अधिकारियों ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने श्रीलंका के दक्षिणी तट के पास अमेरिकी पनडुब्बी हमले के बाद डूबे ‘आईरिस देना’ नामक ईरानी पोत से करीब 80 ईरानी नाविकों के शव बरामद किए हैं।
सरकार के प्रवक्ता और मंत्री नलिंदा जयतिस्सा ने संसद में मुख्य विपक्षी नेता साजित प्रेमदासा द्वारा दूसरे ईरानी पोत के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘हमें इसकी जानकारी है और हम पोत पर मौजूद सभी लोगों की जान की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम को लेकर विचार कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम क्षेत्रीय शांति की रक्षा की खातिर इस मुद्दे के समाधान के लिए हस्तक्षेप कर रहे हैं।’’
जयतिस्सा ने कहा कि पोत श्रीलंका के विस्तारित आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) में प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन वह उसके जलक्षेत्र से बाहर है।
सूत्रों ने कहा कि पोत ने आपात सहायता का अनुरोध किया है।