पाकिस्तानः महंगाई आसमान पर, बकरे का गोश्त 1100 रूपये प्रति किलो

Story by  मुकुंद मिश्रा | Published by  [email protected] | Date 13-03-2021
पाकिस्तानः महंगाई आसमान पर, बकरे का गोश्त 1100 रूपये प्रति किलो
पाकिस्तानः महंगाई आसमान पर, बकरे का गोश्त 1100 रूपये प्रति किलो

 

सैयद शब्बीर हुसैन शाह/इस्लामाबाद /मुजफ्फराबाद

पाकिस्तान में महंगाई चरम पर है. खाने-पीने की लगभग तमाम चीजें आम आदमी के हाथों से फिसलती जा रही हैं. हद यह कि बकरे का मांस 1100रूपये प्रति किलो बिक रहा है. यहां बिकने वाले तमाम तरह के मांस की कीमत अचानक बढ़ा दी गई.

मुस्लिम बहुल देश पाकिस्तान में बहुसंख्यक आबादी मांस खोर है. अलग बात है कि यह अब यहां सुलभ नहीं रहा. इसकी कीमत में निरंतर इजाफा हो रहा है. दो महीने बाद रमजान आने वाला है. ऐसे में अन्य खाने-पीने की चीजों के अलावा मांस की कीमत में भी अभी से बेतहाशा वृद्धि का अंदाजा लगाया जा रहा है.

पाकिस्तान के एक हिस्से मुजफ्फराबाद के मूल्य नियंत्रण समिति और मुजफ्फराबाद के जिला प्रशासन पर आरोप लगा है कि उनके नाकारापन के कारण मांस की कीमत अनियंत्रित हो गई है. उनकी मिलीभगत से, यहां मांस व्यापारियों ने नागरिकों की शिकायतों के बावजूद बड़े- छोटे पशुओं के मीट के दाम बढ़ा दिए हैं. फिर भी समिति और प्रशासन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है.

मीट व्यापारियों ने मीट की कीमतों में 50रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा कर दिया है. इसके चलते भैंस के मांस 450रुपये प्रति किलो की दर से हड्डियां के साथ बेचा जा रहा है, जबकि बिना हड्डी वाला मांस 600रुपये प्रति किलो बिक रहा है. इसी तरह नई दर के हिसाब से अभी बकरी के मांस की कीमत 1,100रुपये प्रति किलोग्राम है.

इससे पहले प्रशासन, भैंस के हड्डी युक्त मांस की कीमत 350 रुपये और केवल मांस की 400 रुपये तय किया था. इसी तरह बकरे का मांस 550 रुपये प्रति किलो बेचने के आदेश दिए गए थे. बोनलेस बकरे का मांस 200 रुपये बढ़ा कर लेने को कहा गया था.

मगर यहां मूल्य नियंत्रण समिति, नगर निगम और जिला प्रशासन के आदेशों की खुली धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. इससे नागरिक और उपभोक्ता काफी परेशान हैं. मांस व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. प्रोटेक्शन एसोसिएशन ने पाकिस्तान सरकार से कृत्रिम मुद्रास्फीति पर ध्यान देने का आह्वान किया है.