आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में सत्ता परिवर्तन से बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता।
ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और अमेरिकी प्रशासन इस बात पर विचार कर रहा है कि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की जाए अथवा नहीं।
ट्रंप ने ये टिप्पणियां उत्तरी कैरोलिना के फोर्ट ब्रैग में सैनिकों से मुलाकात के तुरंत बाद कीं और इससे पहले उन्होंने दिन में पुष्टि की थी कि वह ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई के लिए पश्चिम एशिया में दूसरा विमानवाहक पोत तैनात कर रहे हैं।
ईरान में इस्लामी शासन के अंत के प्रयासों के बारे में पत्रकारों के प्रश्न पर ट्रंप ने कहा, ‘‘इससे अच्छा और कुछ नहीं हो सकता। वे 47 सालों से सिर्फ बातें कर रहे हैं।’’
ट्रंप ने पहले कहा था कि दुनिया का सबसे बड़ा विमानवाहक पोत ‘यूएसएस जेराल्ड आर. फोर्ड’ को कैरेबियाई सागर से पश्चिम एशिया भेजा जा रहा है, वहां पहले से ही अमेरिकी युद्धपोत और सैन्य हथियार मौजूद हैं।