आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि ईरान-अमेरिका वार्ता का अगला दौर जल्द होने की उम्मीद है।
शनिवार को अमेरिका और ईरान के बीच हुई 21 घंटे की वार्ता 1979 के बाद अपनी तरह की पहली वार्ता थी, जिसमें दोनों पक्षों के शीर्ष अधिकारियों ने भाग लिया था। हालांकि, सप्ताहांत में पाकिस्तान में हुई इस वार्ता में दोनों पक्ष कोई स्थायी शांति समझौता करने में विफल रहे।
आसिफ ने सोमवार को संसद भवन के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि वार्ता के बाद इस बात का थोड़ा संतोष है कि अब तक कोई नकारात्मक घटनाक्रम नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि केवल सकारात्मक प्रगति ही दिखी है जिससे संकेत मिलता है कि राजनयिक प्रयास रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इस बीच चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने सोमवार को अपने पाकिस्तानी समकक्ष इशाक डार के साथ एक बातचीत में कहा कि पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष को फिर से भड़कने से रोकने और युद्धविराम को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, डार ने वांग से टेलीफोन पर बातचीत की और हाल ही में संपन्न हुई इस्लामाबाद वार्ता पर विचार-विमर्श किया।