व्हाइट हाउस के अधिकारियों के साथ बैठक में हिंदू अमेरिकी नेताओं ने उठाए समुदाय से जुड़े मुद्दे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-11-2026
Hindu American leaders raise community issues in meeting with White House officials
Hindu American leaders raise community issues in meeting with White House officials

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिका में हिंदू समुदाय के नेताओं ने व्हाइट हाउस के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के दौरान सोशल मीडिया पर हिंदू विरोधी बयानबाजी, देशभर में हिंदुओं के प्रति घृणा से जुड़ी घटनाओं पर चिंता जताई और मंदिरों की सुरक्षा मजबूत करने के उपायों को लेकर चर्चा की।

अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस की धार्मिक मामलों की निदेशक जेनिफर कॉर्न के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को यहां हिंदू सामुदायिक केंद्र और मंदिर ‘केशवम’ का दौरा किया। इस दौरान उसने कई हिंदू अमेरिकी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।
 
बैठक में हिंदू स्वयंसेवक संघ-अमेरिका, सेवा इंटरनेशनल, बीएपीएस, हिंदू युवा, इस्कॉन, चिन्मय मिशन, आर्ट ऑफ लिविंग, ईशा फाउंडेशन, विश्व हिंदू परिषद ऑफ अमेरिका और श्रीमद राजचंद्र मिशन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
 
कॉर्न के साथ अमेरिकी विदेश मंत्रालय में वरिष्ठ सलाहकार और धार्मिक मामलों की संपर्क अधिकारी बेल्सिस रोमेरो भी मौजूद थीं।
 
हिंदू अमेरिकी प्रतिनिधियों ने आपदा राहत कार्यों, ध्यान एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों और ‘सेवा दिवाली’ खाद्य संग्रह अभियान जैसी पहलों के जरिये समुदाय के योगदान को रेखांकित किया।