ट्रंप-चिनफिंग-पुतिन की बैठक में परमाणु हथियारों, ईरान-यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर चर्चा की उम्मीद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-11-2026
Trump-Xi Jinping-Putin meeting expected to discuss nuclear weapons, ending Iran-Ukraine war
Trump-Xi Jinping-Putin meeting expected to discuss nuclear weapons, ending Iran-Ukraine war

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बृहस्पतिवार को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अहम त्रिपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और यूक्रेन तथा ईरान में जारी संघर्षों जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
 
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इस मुलाकात से किसी बड़े समझौते की उम्मीद करना जल्दबाजी होगी।
 
ट्रंप ने ‘फॉक्स न्यूज’ को दिए साक्षात्कार में बृहस्पतिवार को कहा, ‘‘वे दोनों ट्रंप को पसंद करते हैं। लेकिन मेरे बाद क्या होगा, यह मैं नहीं बता सकता।’’
 
त्रिपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप चीनी राष्ट्रपति के साथ अलग से भी मुलाकात करेंगे। इस साल दोनों नेताओं की यह तीसरी अहम बैठक होगी। इसके अलावा ट्रंप का पुतिन के साथ भी अलग से बातचीत का कार्यक्रम है। पिछले साल अलास्का में हुई मुलाकात के बाद यह पहली बार होगा, जब दोनों नेता आमने-सामने बातचीत करेंगे। उस बैठक में यूक्रेन युद्ध खत्म करने की दिशा में कोई समझौता नहीं हो पाया था।
 
ट्रंप ने परमाणु हथियारों के भंडार को कम करने का मुद्दा भी बातचीत के एजेंडे में रखा है। अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों की सीमा तय करने वाली आखिरी संधि ‘न्यू स्टार्ट’ फरवरी में समाप्त हो गई। ट्रंप अब चीन को भी शामिल करते हुए एक नया और आधुनिक समझौता करना चाहते हैं।
 
हालांकि, चीन के पास 600 से अधिक परमाणु हथियार हैं, जबकि अमेरिका और रूस के पास प्रत्येक के भंडार में 5,000 से अधिक हथियार होने का अनुमान है। ऐसे में चीन के लिए अपने हथियार सीमित करने पर सहमत होना आसान नहीं होगा।
 
विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक परमाणु हथियारों में कटौती को लेकर भविष्य में लंबी बातचीत की शुरुआत भर हो सकती है।