India A's unofficial ODI series against Australia A will test their fast bowlers.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
युवा तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह, अरशद खान और यश ठाकुर के लिए ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ मंगलवार से शुरू हो रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला खुद को साबित करने का बड़ा मौका देगी क्योंकि ये गेंदबाज राष्ट्रीय टीम में तेज गेंदबाजी विभाग में मौजूदा संसाधनों की कमी के बीच अपनी दावेदारी पेश करना चाहेंगे।
दिग्गज हरफनमौला हार्दिक पंड्या की वापसी को लेकर इस श्रृंखला की काफी उत्सुकता थी लेकिन दाहिनी पिंडली की चोट के कारण वह अनिश्चितकाल के लिए बाहर हो गए हैं।
तेज गेंदबाजी करने वाले हरफनामौला खिलाड़ियों की बात करें तो भारतीय क्रिकेट में फिलहाल विकल्प सीमित हैं। पंड्या के अलावा नीतिश कुमार रेड्डी और सूर्यांश शेडगे प्रमुख विकल्पों में शामिल हैं। ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में अपना रिहैब (चोट से उबरना) पूरा करने वाले शेडगे को पांड्या की जगह भारत ‘ए’ टीम में शामिल किया गया है।
नमन धीर के वेस्टइंडीज श्रृंखला के लिए भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से जुड़ने के बाद लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे अनुकूल रॉय को ‘ए’ टीम में शामिल किया गया है।