लंदन में 44 एकड़ में सामुदायिक कल्याण और पर्यावरण संरक्षण केंद्र स्थापित करेगा ‘हार्टफुलनेस’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-10-2026
Heartfulness to set up 44-acre community wellness and environmental conservation centre in London
Heartfulness to set up 44-acre community wellness and environmental conservation centre in London

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
तेलंगाना स्थित शैक्षणिक गैर-लाभकारी संगठन ‘हार्टफुलनेस’ ने दक्षिण लंदन में 44 एकड़ में एक नयी सतत विकास पहल शुरू करने की योजना की घोषणा की है। यह परियोजना हैदराबाद स्थित उसके मुख्यालय ‘कान्हा शांति वनम’ की तर्ज पर विकसित की जाएगी।

यह परियोजना हार्टफुलनेस के वैश्विक मार्गदर्शक कमलेश डी. पटेल की पिछले सप्ताह लंदन यात्रा के दौरान शुरू की गई। पटेल को दाजी के नाम से भी जाना जाता है।
 
लंदन के बेक्सलीहीथ में प्रस्तावित हार्टफुलनेस केंद्र को दीर्घकालिक सामुदायिक संपत्ति के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इसमें हरित क्षेत्र, पारिस्थितिकी तंत्र का पुनरुद्धार, जैव विविधता संरक्षण, कल्याण, शिक्षा, स्वयंसेवा और सामुदायिक भागीदारी पर ध्यान दिया जाएगा।
 
इस पहल के शुरुआत के अवसर पर शनिवार को आयोजित विशेष ध्यान कार्यक्रम में लॉर्ड कृष रावल ने कहा, “दाजी के साथ एक ही इमारत में होना ही पर्याप्त है... हमारे देश में उनकी उपस्थिति एक बड़ा सौभाग्य है। हम उनके आभारी हैं कि उन्होंने लंदन में हमारे साथ समय बिताने का फैसला किया।”
 
‘अवेकनिंग द लाइट विदिन’ नामक इस कार्यक्रम में 1,400 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। सुबह आयोजित इस कार्यक्रम में ध्यान, संगीत और आत्मचिंतन के माध्यम से आंतरिक परिवर्तन, कल्याण, रिश्तों, प्रौद्योगिकी और मजबूत समुदायों के निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।