अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट्स को शुरुआती बढ़त, ट्रंप समर्थित उम्मीदवारों को झटका

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-11-2026
Democrats take early lead in US midterm elections, setback for Trump-backed candidates
Democrats take early lead in US midterm elections, setback for Trump-backed candidates

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स ने महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करते हुए जॉर्जिया में गवर्नर पद का चुनाव जीत लिया और सीनेट की प्रमुख सीट पर रिपब्लिकन पार्टी से कब्जा छीनने की मजबूत स्थिति में पहुंच गए। इसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
 
भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवार सुहास सुब्रमण्यम (40) और पिया डांडिया (39) ने क्रमशः वर्जीनिया और फ्लोरिडा से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीत लिया है, जबकि अरुणा मिलर (61) मैरीलैंड के लेफ्टिनेंट गवर्नर पद पर पुनः निर्वाचित हुई हैं।
 
हाई-स्कूल प्रिंसिपल रहीं पिया डांडिया ने फ्लोरिडा के 22वें संसदीय क्षेत्र में रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी असकार को हराया। इसके साथ ही डांडिया अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में मौजूद भारतीय-अमेरिकियों में सबसे नयी सदस्य बन गई हैं।
 
वहीं, सुब्रमण्यम वर्जीनिया के 10वें संसदीय क्षेत्र से दोबारा चुने गए हैं।
 
उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस के गृह राज्य ओहायो में ट्रंप के पसंदीदा भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को तीखे चुनाव प्रचार के बावजूद डेमोक्रेट एमी एक्टन के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
 
दूसरी ओर, केरलम में जन्मीं डेमोक्रेट नित्या रमन लॉस एंजिलिस के महापौर पद के लिए अपनी पूर्व बॉस करेन बास के साथ कड़े मुकाबले में हैं।