चीन ने बांग्लादेश में बीएनपी की शानदार जीत पर उसे बधाई दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-02-2026
China congratulates BNP on its landslide victory in Bangladesh
China congratulates BNP on its landslide victory in Bangladesh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
चीन ने शुक्रवार को ‘बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी’ (बीएनपी) को आम चुनावों में मिली शानदार जीत पर बधाई दी। चीन ने उच्च गुणवत्ता वाले ‘बेल्ट एंड रोड’ सहयोग को मजबूत करने और रणनीतिक एवं सहयोगात्मक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए ढाका के साथ काम करने की तत्परता व्यक्त की।
 
बीएनपी ने 297 में से 209 सीट जीतीं, जबकि पाकिस्तान की करीबी मानी जाने वाली दक्षिणपंथी जमात-ए-इस्लामी को 68 सीट मिलीं।
 
हसीना की अवामी लीग पार्टी को 13वां संसदीय चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था, जिसमें 59.44 प्रतिशत मतदान हुआ।
 
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा कि चीन ने बांग्लादेश में सुचारु रूप से कराए गए आम चुनाव पर गौर किया और चुनाव में जीत के लिए बीएनपी को बधाई दी।
 
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के एक पारंपरिक मित्र और पड़ोसी के रूप में चीन ढाका के घरेलू राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने में उसका समर्थन करता है।
 
उन्होंने कहा कि चीन सदियों पुरानी मित्रता को आगे बढ़ाने, उच्च गुणवत्ता वाले ‘बेल्ट एंड रोड’ सहयोग और विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को प्रगाढ़ करने और चीन-बांग्लादेश व्यापक रणनीतिक एवं सहयोगात्मक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए बांग्लादेश के साथ काम करने के लिए तत्पर है।
 
चीन के बांग्लादेश के साथ पिछले कई दशकों से घनिष्ठ संबंध रहे हैं और शेख हसीना के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती अवामी लीग सरकार के दौरान उसने बांग्लादेश की प्रमुख बीआरआई परियोजनाओं के तहत भारी निवेश किया था।
 
शेख हसीना के सत्ता से बेदखल होने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली निवर्तमान अंतरिम सरकार ने बांग्लादेश में भारत के प्रभाव का मुकाबला करने के लिए बीजिंग के साथ घनिष्ठ संबंध विकसित करने का प्रयास किया था।