ढाका हवाईअड्डे पर भीषण आग से बांग्लादेश को हो सकता है 1 अरब डॉलर का नुकसान

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 20-10-2025
Bangladesh may suffer $1 billion in losses due to massive fire at Dhaka airport
Bangladesh may suffer $1 billion in losses due to massive fire at Dhaka airport

 

ढाका (बांग्लादेश)

बांग्लादेश के ढाका स्थित हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के कार्गो कॉम्प्लेक्स में शनिवार को लगी भीषण आग के बाद परिधान (गारमेंट) निर्यातक लगभग 1 अरब अमेरिकी डॉलर तक के नुकसान की आशंका जता रहे हैं। यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब देश का निर्यात उद्योग अपने सबसे व्यस्त सीजन (अक्टूबर-दिसंबर) में प्रवेश कर रहा है। यह जानकारी अल जज़ीरा की रिपोर्ट में दी गई है।

आग हवाईअड्डे के इंपोर्ट सेक्शन में लगी, जिसने बड़ी मात्रा में आयातित कच्चा माल, तैयार परिधान, और महत्वपूर्ण उत्पाद सैंपल्स को राख कर दिया।

बांग्लादेश परिधान निर्माता और निर्यातक संघ (BGMEA) के निदेशक फैसल समद ने कहा, "यह वाकई दिल दहला देने वाला दृश्य है। पूरा इंपोर्ट सेक्शन खाक हो गया है।" उन्होंने चेतावनी दी कि आग से होने वाला आर्थिक नुकसान 1 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

रविवार को भी घटनास्थल से धुआं उठता देखा गया, जबकि दमकलकर्मी और हवाईअड्डा अधिकारी नुकसान का जायजा ले रहे थे।

इस आग में वे उत्पाद सैंपल्स और तात्कालिक शिपमेंट भी जलकर नष्ट हो गए, जो नए विदेशी ऑर्डर और कारोबार बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी थे।

BGMEA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इनामुल हक खान ने कहा, "ये सैंपल्स नए खरीदारों को आकर्षित करने और ऑर्डर बढ़ाने के लिए अहम होते हैं। इनका नुकसान भविष्य की संभावनाओं को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।"

जिस कार्गो विलेज में यह आग लगी, वह बांग्लादेश का एक प्रमुख लॉजिस्टिक हब है, जहां हर दिन 600 मीट्रिक टन से अधिक माल की आवाजाही होती है। त्योहारों और ठंड के मौसम के कारण अक्टूबर से दिसंबर के बीच यह संख्या दोगुनी हो जाती है।

खान ने बताया, "हर दिन लगभग 200 से 250 फैक्ट्रियां इस सुविधा पर निर्भर रहती हैं। इतने बड़े स्तर पर नुकसान का असर व्यापक होगा।"

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है। यह घटना एक हफ्ते में बांग्लादेश में तीसरी बड़ी आग की घटना है।

मंगलवार को ढाका में एक गारमेंट फैक्ट्री और केमिकल वेयरहाउस में लगी आग में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी। गुरुवार को चटगांव के एक निर्यात क्षेत्र में सात मंजिला गारमेंट फैक्ट्री में आग लग गई थी।

सरकार ने सभी मामलों की गहन जांच का वादा किया है और चेतावनी दी है कि यदि इन घटनाओं में साजिश या आगजनी का संकेत मिला, तो दोषियों पर "तत्काल और सख्त कार्रवाई" की जाएगी।

बता दें कि बांग्लादेश चीन के बाद विश्व का दूसरा सबसे बड़ा परिधान निर्यातक देश है। यह उद्योग देश के करीब चार करोड़ लोगों को रोजगार देता है और देश की GDP का 10% से अधिक योगदान देता है। बांग्लादेश वॉलमार्ट, एचएंडएम और गैप जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स को निर्यात करता है।

उद्योग विशेषज्ञों को आशंका है कि इस आग से शिपमेंट में भारी देरी होगी और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के प्रयासों पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।