An Air Canada plane collides with a Port Authority vehicle at New York's LaGuardia Airport
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एयर कनाडा का एक विमान न्यूयॉर्क के ला गार्डिया हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पोर्ट अथॉरिटी के वाहन से टकरा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस दुर्घटना के कारण विमान का अगला हिस्सा दबा हुआ जबकि पीछे का हिस्सा रनवे पर पड़ा हुआ दिखा।
न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी पोर्ट अथॉरिटी ने एक बयान में कहा, “रविवार रात लगभग 11:40 बजे, एयर कनाडा की ओर से संचालन कर रही जैज़ एविएशन की एक उड़ान ला गार्डिया हवाई अड्डे के रनवे नंबर चार पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना में विमान ने पोर्ट अथॉरिटी के बचाव और अग्निशमन वाहन को टक्कर मार दी, जो किसी दूसरी घटना की सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचा था।”
बयान में कहा गया है कि पोर्ट अथॉरिटी पुलिस विभाग और एजेंसी के अध्यक्ष व कार्यकारी निदेशक रनवे पर मौजूद हैं, और हादसे की जांच के दौरान हवाई अड्डा बंद रखा गया है।
जैज एविएशन एलपी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया।
विमानन कंपनी ने कहा कि प्रारंभिक यात्री सूची के अनुसार विमान में 72 यात्री और चार चालक दल के सदस्य मौजूद थे।
उड़ानों की जानकारी देने वाली वेबसाइट फ्लाइट अवेयर के अनुसार, डेटा से पता चलता है कि यह उड़ान मॉन्ट्रियल के प्रमुख हवाई अड्डे मॉन्ट्रियल-पीयर एलीट ट्रुडो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई थी।