आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महिला नेताओं के वैश्विक नेटवर्क ने एआई आधारित मंच पेश किया है, जो प्रौद्योगिकी के जरिये विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के बीच संपर्क और अवसर बढ़ाने के लिए काम करेगा।
नेटवर्किंग मंच ‘वीमेन इंस्पायरिंग नेटवर्क’ (डब्ल्यूआईएन) ने वैश्विक महिला नेताओं के लिए अपना एआई आधारित मंच ‘डब्ल्यूआईएन कनेक्ट’ पेश किया।
इस मंच को पिछले महीने यहां ‘हुकुम राज लिगेसी’ की विकास प्रमुख और ‘उबर्टास वर्ल्ड’ की चेयरपर्सन प्रिंसेस जाह्नवी कुमारी मेवाड़ तथा न्यूयॉर्क के मेयर कार्यालय में अल्पसंख्यक और महिला स्वामित्व वाले कारोबारी उद्यमों (एम/डब्ल्यूबीई) के उप मुख्य कारोबार विविधता अधिकारी दिलीप चौहान ने पिछले महीने यहां पेश किया।
डब्ल्यूआईएन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि ‘वीमेन इंस्पायरिंग नेटवर्क’ ने पिछले महीने ‘हैशटैग डब्ल्यूआईएन लाउंज’ में अग्रणी कारोबारियों, निवेशकों, नीति निर्माताओं और वैज्ञानिकों को एकजुट किया था। यह कार्यक्रम पिछले महीने न्यूयॉर्क जलवायु सप्ताह के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा की सप्ताह भर चली उच्चस्तरीय बैठक के साथ आयोजित किया गया था।
मंच ने कहा कि ‘डब्ल्यूआईएन कनेक्ट’ को 50 देशों के 10,000 से अधिक सदस्यों वाले डब्ल्यूआईएन के नेटवर्क की पूरी क्षमता का इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया गया है। यह दुनियाभर की महिला नेताओं को बड़े पैमाने पर सही लोगों और अवसरों से जोड़ता है।