आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मई 2026 की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन महीने के पहले ही दिन बैंक जाने की योजना बना रहे लोगों को झटका लग सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक के कैलेंडर के मुताबिक 1 मई को देश के कई हिस्सों में बैंक बंद हैं। इसलिए अगर आपका कोई जरूरी बैंकिंग काम है, तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की जानकारी जरूर ले लें।
दरअसल, 1 मई को दुनियाभर में मजदूर दिवस मनाया जाता है। इसके अलावा महाराष्ट्र दिवस भी इसी दिन होता है। कुछ जगहों पर बुद्ध पूर्णिमा का त्योहार भी मनाया जा रहा है। इन कारणों से कई राज्यों में बैंक बंद हैं।
आज बेंगलुरु, भोपाल, चेन्नई, देहरादून, गुवाहाटी, हैदराबाद, कोच्चि, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पणजी, पटना, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर जैसे बड़े शहरों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल, गोवा और असम में आज सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
अगर पूरे मई महीने की बात करें, तो यह छुट्टियों से भरा हुआ है। रविवार और दूसरे तथा चौथे शनिवार को मिलाकर कुल 12 दिन बैंक बंद रहेंगे। 3 मई, 10 मई, 17 मई, 24 मई और 31 मई को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। 9 मई और 23 मई को क्रमशः दूसरे और चौथे शनिवार की छुट्टी है। 16 मई को गंगटोक में राज्य स्थापना दिवस के कारण बैंक बंद रहेंगे। 26 मई को अगरतला में काजी नजरुल इस्लाम जयंती पर अवकाश रहेगा। वहीं 27 और 28 मई को बकरीद के चलते अलग-अलग शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
हालांकि, बैंक बंद होने का मतलब यह नहीं है कि आपके काम रुक जाएंगे। आज के दौर में डिजिटल बैंकिंग ने सुविधाएं आसान कर दी हैं। आप नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई के जरिए पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं, बिल भर सकते हैं और अन्य जरूरी काम निपटा सकते हैं। एटीएम सेवाएं भी सामान्य रूप से चालू रहती हैं।
ध्यान रखने वाली बात यह है कि बैंक छुट्टियां हर राज्य में अलग हो सकती हैं। यह स्थानीय त्योहारों और सरकारी घोषणाओं पर निर्भर करता है। इसलिए बैंक जाने से पहले आरबीआई की वेबसाइट या अपने बैंक के ऐप पर छुट्टियों की सूची जरूर देख लें, ताकि आपको किसी तरह की परेशानी न हो।