आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने बुधवार को कहा कि उनकी टीम भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में तीन तेज गेंदबाजों और एक ऑलराउंडर के साथ उतरेगी, जबकि उन्होंने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की दौड़ से जुड़े गणितीय समीकरण में उलझने से इनकार कर दिया।
लैथम ने कहा कि उनकी टीम के लिए यही बेहतर है कि वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ की चिंता करने की बजाय अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करे। न्यूजीलैंड की टीम अभी छह टेस्ट मैचों में चार जीत और एक हार के साथ तालिका में शीर्ष पर है।
भारत चौथे स्थान पर है और अगले साल होने वाले फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए उसे इस श्रृंखला में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
लैथम ने पहले टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘हम तीन तेज गेंदबाज और एक गेंदबाजी ऑलराउंडर को टीम में रखेंगे।’’
तेज गेंदबाजी आक्रमण में मैट हेनरी और काइल जैमीसन के साथ एक अन्य तेज गेंदबाज के शामिल होने की उम्मीद है जबकि ऑलराउंडर टीम में संतुलन पैदा करेगा।
हेनरी की वापसी से लैथम विशेष रूप से उत्साहित हैं, क्योंकि यह अनुभवी तेज गेंदबाज वनडे श्रृंखला के दौरान लगी चोट से उबर गए हैं और लंबी अवधि के प्रारूप में वापसी के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैट हेनरी पूरी तरह फिट हैं और मुझे उम्मीद है कि वह लाल गेंद से गेंदबाजी करने के लिए उत्साहित होंगे।’’