एसीटी बारे में पाकिस्तान को सात महीने पहले ही जानकारी दे दी गयी थी: एफआईएच प्रमुख

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-11-2026
Pakistan was informed about ACT seven months ago: FIH chief
Pakistan was informed about ACT seven months ago: FIH chief

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष तैयब इकराम ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच नियमित हॉकी मुकाबले नहीं होने से वैश्विक हॉकी को नुकसान पहुंच रहा है।
 
उन्होंने खुलासा किया कि भारत में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) की मेजबानी की जानकारी पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) को कम से कम सात महीने पहले देने के बावजूद पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया।
 
पाकिस्तान दौरे पर पहुंचे इकराम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान की प्रतियोगिता में भागीदारी को लेकर पीएचएफ और एशियाई हॉकी महासंघ के साथ चर्चा की गई थी। एफआईएच को उम्मीद थी कि पाकिस्तानी टीम भारत में आयोजित टूर्नामेंट में खेलेगी, लेकिन दोनों देशों के हॉकी महासंघों के फैसलों में हस्तक्षेप करना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
 
जालंधर और मोहाली ने 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी। भारत ने फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया था।
 
इकराम ने कहा, ‘‘यह पाकिस्तान सरकार की नीति से जुड़ा मामला है और एफआईएच ने पाकिस्तान के फैसले को स्वीकार किया है। मेरा हालांकि मानना है कि जब भारत और पाकिस्तान नियमित रूप से एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेलते तो वैश्विक हॉकी को इसका नुकसान उठाना पड़ता है।’’