यॉर्कर मेरी खास गेंद, हार्दिक भाई के प्रोत्साहन से मिला फायदा : हिंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-04-2026
The Yorker is My Specialty Delivery; Hardik Bhai's Encouragement Proved Beneficial: Hinge
The Yorker is My Specialty Delivery; Hardik Bhai's Encouragement Proved Beneficial: Hinge

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सनराइजर्स हैदराबाद के प्रफुल्ल हिंगे ने मंगलवार को कहा कि यॉर्कर उनकी खास गेंद है और इसमें महारत हासिल करने के लिये उन्होंने काफी मेहनत की है ।
 
उन्होंने यह भी कहा कि भारत के हरफनमौला हार्दिक पंड्या से मिले प्रोत्साहन से उनका मनोबल काफी बढा है ।
 
हिंगे ने राजस्थान रॉयल्स के दमदार बल्लेबाजी क्रम की धज्जियां उड़ाते हुए सोमवार को 34 रन देकर चार विकेट लिये जिसकी मदद से उनकी टीम ने 57 रन से जीत दर्ज की ।
 
विदर्भ के इस तेज गेंदबाज ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर आईपीएल में रिकॉर्ड बनाया ।
 
हिंगे ने जियोस्टार पर बातचीत में विजय हजारे ट्रॉफी में पंड्या के खिलाफ खेलने के अनुभव के बारे में कहा ,‘‘ जब मैं उन्हें गेंदबाजी कर रहा था तो काफी नर्वस था क्योंकि सभी को पता है कि हार्दिक भाई कैसे बल्लेबाज हैं और क्या कर सकते हैं ।’
 
उन्होंने कहा ,‘‘ पहली गेंद डालने के बाद मैने खुद से कहा कि दबाव लिये बिना मैं गेंदबाजी कर सकता हूं । मैने हर गेंद सर्वश्रेष्ठ डालने की कोशिश की । यॉर्कर मेरी खास गेंद है ।’’
 
हिंगे ने कहा ,‘‘ मैंने उन्हें अच्छी यॉर्कर और कुछ बाउंसर भी डाले । एक रन लेने के बाद मेरे पास आकर उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल भाई, शानदार गेंदबाजी । इससे मेरा मनोबल काफी बढा । मैच के बाद मैं उनसे मिला तो उन्होंने कहा कि मैं अच्छी गेंदबाजी कर रहा हूं और ऐसे ही करते रहूं । मैं आईपीएल में तुमसे मिलूंगा ।’’